पूर्व रेलवे महाप्रबंधक ने बुनियादी ढांचे और सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की

पूर्व रेलवे महाप्रबंधक ने बुनियादी ढांचे और सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की
Published on

परियोजनाओं में तेजी के निर्देश

कोलकाता : पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने मंगलवार को फेयरली प्लेस स्थित पूर्व रेलवे मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) के उपयोग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त महाप्रबंधक शीलेन्द्र प्रताप सिंह समेत सभी प्रधान विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। हावड़ा, सियालदह, मालदा और आसनसोल मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक तथा लिलुआ, कांचरापाड़ा और जमालपुर वर्कशॉप के मुख्य कार्यशाला प्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

बैठक में विभिन्न मंडलों में पिछले सप्ताह किए गए सुरक्षा और आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की जानकारी दी गई। आसनसोल मंडल में सिग्नलिंग उपकरणों के बेहतर संचालन के लिए विभिन्न रिले रूम, इंटरलॉकिंग गेट और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग हट में टाइमर वाले वॉल फैन लगाए गए। अंदाल और सीतारामपुर में डायमंड क्रॉसिंग का नवीनीकरण किया गया।

सियालदह मंडल में बरासात ट्रैक्शन सब-स्टेशन पर 6600 केवीएआर कैपेसिटर बैंक चालू किया गया, जिससे सिस्टम लॉस कम होने के साथ वोल्टेज प्रोफाइल और लागत बचत में सुधार होगा। नैहाटी में यूनीमैट टैम्पिंग, सियालदह में डबल स्लिप प्वाइंट का नवीनीकरण और न्यू अलीपुर यार्ड में ट्रैक रखरखाव का काम किया गया।

हावड़ा मंडल में जीपीएस युक्त टावर वैगन विकसित किए गए हैं, जिससे ओएचई खराबी के दौरान लोकेशन और आवाजाही की जानकारी मिल सकेगी तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तेज होगी। मालदा मंडल में भी ट्रैक और सिग्नल-टेलीकॉम से जुड़े कई सुरक्षा कार्य पूरे किए गए।

महाप्रबंधक ने कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए सुरक्षा उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी परियोजनाओं और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने तथा कैपेक्स का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in