ईसीआर में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से कई ट्रेनों के मार्ग बदले

हावड़ा-देहरादून समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, हटिया-पटना एक्सप्रेस रद्द
ट्रेन
ट्रेन
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता, 22 सितंबर। पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है, जबकि एक ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

कुंभ एक्सप्रेस और उपासना एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव

13037 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस 23, 24, 26 और 27 सितंबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय सीतारामपुर-झाझा-किऊल-नवादा-मानपुर-गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से चलेगी। इसी तरह 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस 25 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।

वहीं, 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस 23 और 26 सितंबर तथा 13038 देहरादून-हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस 22, 24 और 25 सितंबर को इसी परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। पहले इन ट्रेनों को सीतारामपुर-प्रधानखंटा-गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से डायवर्ट किया गया था।

मौर्य एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से

15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 25 से 30 सितंबर तथा 1 और 2 अक्टूबर को जसिडीह-देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी। 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस 26 से 30 सितंबर तथा 2, 3 और 4 अक्टूबर को इसी मार्ग से संचालित होगी। पहले इन ट्रेनों को जसिडीह-किऊल-मुंगेर-बरौनी मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया था।

हटिया-पटना एक्सप्रेस रद्द

इसके अलावा 18622 हटिया-पटना एक्सप्रेस, जो 25 सितंबर को पहले परिवर्तित मार्ग से चलाने के लिए निर्धारित थी, अब रद्द रहेगी। रेलवे के अनुसार नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को देखते हुए परिचालन संबंधी यह संशोधन किया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in