

सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हावड़ा के विकास, नागरिक सुविधाओं और आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री उमेश राय ने हावड़ा के समग्र विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शहर में पीने के पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही हावड़ा अस्पताल का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा और गंदगी को पूरी तरह हटाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि दक्षिण हावड़ा के उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, ताकि विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के सभी इलाकों तक पहुंच सके। अपने संबोधन में उमेश राय ने कार्यकर्ताओं से आगामी हावड़ा नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया। सुधीर सिंह, श्यामल हाटी, अंबुज शर्मा, बिप्लब मंडल, अनिल गोयल और तारकनाथ साव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हावड़ा जिला के पूर्व सचिव मनीष झुनझुनवाला ने किया। इस अवसर पर सोमनाथ अडुकिया, राधेश्याम पांडेय, विनीत जैन, श्याम चांडक, हरीश बलदेवा, अविनाश सुराना, प्रत्युष भगत, छत्तर सिंह जैन, राजेंद्र गुप्ता, राजेंद्र दुग्गड़, मुकेश शर्मा तथा संजीव झुनझुनवाला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।