

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: यात्रियों की सुविधा और उनके सामान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सियालदह रेलवे स्टेशन पर पूर्व रेलवे ने अत्याधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सिस्टम की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्री अपने सामान को सुरक्षित, स्वचालित (सेल्फ-ऑपरेटेड) लॉकर में निर्धारित समय के लिए रखकर बिना किसी चिंता के अपने जरूरी काम निपटा सकेंगे। स्टेशन प्रशासन के अनुसार, यह सुविधा फिलहाल प्लेटफॉर्म नंबर 12 के सामने उपलब्ध कराई गई है। विदेशों के आधुनिक रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर तैयार किए गए इन डिजिटल लॉकरों का उपयोग करना बेहद आसान है।
ऐसे करें लॉकर बुक
लॉकर का उपयोग करने के लिए यात्री को सबसे पहले मशीन की स्क्रीन पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर नाम और ई-मेल आईडी भरनी होगी। फिर यात्री अपनी जरूरत के अनुसार लॉकर का आकार और किराये की अवधि चुन सकेगा।
तीन आकार में उपलब्ध लॉकर व किराया
मीडियम लॉकर
* 6 घंटे – 75 रु.
* 24 घंटे – 150 रु.
* 24 घंटे के बाद हर अतिरिक्त 6 घंटे – 75 रु.
लार्ज लॉकर
* 6 घंटे – 120 रु.
* 24 घंटे – 240 रु.
* अतिरिक्त 6 घंटे – 120 रु.
एक्स्ट्रा लार्ज लॉकर
* 6 घंटे – 180 रु.
* 24 घंटे – 360 रु.
* अतिरिक्त 6 घंटे – 180 रु.
समय और लॉकर का चयन करने के बाद स्क्रीन पर एक QR कोड दिखाई देगा। यात्री ऑनलाइन भुगतान करते ही लॉकर खुल जाएगा। सामान वापस लेने के लिए भी मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉकर खोला जा सकेगा। यदि बुकिंग अवधि समाप्त होने से पहले यात्री अपना कुछ सामान निकालना चाहते हैं, तो यह सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं, तय समय से अधिक देर होने पर अतिरिक्त शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करने के बाद ही लॉकर खोले जा सकेंगे। पूर्व रेलवे का मानना है कि यह डिजिटल सुविधा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।