निम्नचाप के बावजूद उत्तर से बह रही सर्द हवाएं, बंगाल में कड़ाके की ठंड बरकरार

सुबह 10 डिग्री तो शाम होते ही पारा बढ़ा 16 डिग्री के पास पहुंचा पारा, परंतु घने कोहरे की भी चेतावनी
निम्नचाप के बावजूद उत्तर से बह रही सर्द हवाएं, बंगाल में कड़ाके की ठंड बरकरार
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्नचाप बुधवार की सुबह और सघन हो गया है। यह फिलहाल तमिलनाडु के चेन्नई से करीब 1270 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में स्थित है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में यह और मजबूत होकर गहरे निम्नचाप का रूप ले सकता है और बाद में पश्चिम व उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा त्रिपुरा और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है। हालांकि, इन दोनों प्रणालियों का पश्चिम बंगाल पर सीधा असर नहीं पड़ेगा, जिससे राज्य में उत्तर से ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा।

कोलकाता में 10 डिग्री के करीब पारा

जनवरी के पहले सप्ताह में ही कोलकाता का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। बुधवार को तड़के शहर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। अलीपुर मौसम कार्यालय ने बताया कि अगले दो दिन दक्षिण बंगाल में तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। कड़ाके की ठंड के साथ सुबह के समय घना कोहरा भी अधिकांश जिलों में छाए रहने की संभावना है। हालांकि शाम होते ही पारा बढ़ गया और करीब 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। इसके बावजूद रात में फिर से हल्की ठंड बरकरार रही।

अगले दो दिन का पूर्वानुमान

दक्षिण बंगाल :

दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3–5 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा। पूर्व बर्दवान और बीरभूम में गुरुवार को शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया में ‘शीतल दिन’ की संभावना है (जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे कम हो और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री या अधिक कम रहे)। उत्तर व दक्षिण 24 परगना, बीरभूम, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, पूर्व मेदिनीपुर और नदिया में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण दृश्यता 199 से 50 मीटर तक गिर सकती है।

उत्तर बंगाल :

दिन का तापमान सामान्य से 4–6 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में अगले दो दिन घने कोहरे का पूर्वानुमान है। इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है। कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुछ इलाकों में ‘शीतल दिन’ की स्थिति बन सकती है। घने कोहरे और ठंड को देखते हुए सुबह के समय यात्रा में सावधानी बरतने, वाहन धीरे चलाने और बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाने की सलाह दी गई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in