बेलेघाटा मेट्रो स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण में देरी, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता

एफओबी न होने से यात्रियों को सड़क पार करने में खतरा स्टील गार्डर और संरचना का काम जारी
बेलेघाटा मेट्रो स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण में देरी, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : ईएम बाईपास स्थित बेलेघाटा अर्थात वरूण सेनगुप्ता मेट्रो स्टेशन (ऑरेंज लाइन) पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण में देरी होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त ईएम बाईपास सड़क पार करने के लिए यात्रियों को फिलहाल जान जोखिम में डालनी पड़ रही है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार बेलेघाटा मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन 22 अगस्त 2025 को किया गया था। हालांकि स्टेशन चालू होने के बावजूद फुट ओवर ब्रिज का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। यह ब्रिज ईएम बाईपास के भारी ट्रैफिक के बीच यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक निर्माण में देरी की मुख्य वजह ईएम बाईपास पर अत्यधिक ट्रैफिक है। दिन के समय काम करने के लिए कोलकाता पुलिस से अनुमति (एनओसी) मिलना मुश्किल हो रहा है। मेट्रो निर्माण एजेंसी आरवीएनएल को काम पूरा करने के लिए रात के समय ट्रैफिक ब्लॉक की जरूरत है, जिसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल फुट ओवर ब्रिज के स्टील गार्डर और अन्य संरचनात्मक हिस्सों का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि काम को जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है ताकि यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिल सके। इस बीच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) और राज्य सरकार ने यात्रियों की भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन के पास एक अंडरपास बनाने का भी सुझाव दिया है। जब तक सुरक्षित मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक स्टेशन के पूर्ण संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार मेट्रो नेटवर्क को 2026 के अंत तक और विस्तार देने की योजना है। इसके तहत बेलेघाटा से एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। चिंगड़ीघाटा मेट्रो के अटने काम के कारण परेशानी और ज्यादा है। हालांकि फुट ओवर ब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कर यात्रियों को सीधे ब्रिज के माध्यम से स्टेशन में प्रवेश की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in