पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक द्वारा हावड़ा मंडल का व्यापक संरक्षा निरीक्षण

पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक द्वारा हावड़ा मंडल का व्यापक संरक्षा निरीक्षण
Published on

कोलकाता : पूर्व रेलवे की संरक्षा, परिचालन उत्कृष्टता तथा यात्री सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करते हुए, श्री शीलेंद्र प्रताप सिंह, अपर महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे ने दिनांक 24 जुलाई, 2026 को हावड़ा मंडल के अंतर्गत प्रमुख रेलवे प्रतिष्ठानों एवं समपार फाटकों का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), हावड़ा मंडल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी (Sr. DSO) तथा मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने निम्नलिखित स्थलों का निरीक्षण किया—

- समपार फाटक संख्या 09, डानकुनी

- समपार फाटक संख्या 11, गोबरा

- समपार फाटक संख्या 26, बलरामबाटी

- कामारकुंडु रेलवे स्टेशन

कामारकुंडु रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक ने परिचालन एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का विस्तृत निरीक्षण किया। इनमें रिले कक्ष, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) पैनल कक्ष, आईपीएस बैटरी कक्ष, बुकिंग काउंटर, रेलवन (RailOne) सहायता काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा स्टेशन प्लेटफॉर्म शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान संरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन, परिचालन तत्परता, परिसंपत्तियों के रखरखाव की गुणवत्ता तथा यात्री सुविधाओं की उपलब्धता की गहन समीक्षा की गई। अपर महाप्रबंधक ने क्षेत्रीय कर्मचारियों से संवाद कर संरक्षा संबंधी कार्यप्रणालियों का अवलोकन किया तथा निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के कठोर अनुपालन पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा अनुपालन को और सुदृढ़ करने, परिसंपत्तियों के बेहतर अनुरक्षण, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

पूर्व रेलवे संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करता है तथा नियमित निरीक्षणों, निवारक निगरानी, तकनीकी उन्नयन एवं कर्मचारियों के सतत क्षमता विकास के माध्यम से अपनी संरक्षा संस्कृति को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। इस प्रकार की पहलें सुरक्षित, संरक्षित एवं विश्वसनीय रेल परिचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, श्री शिबराम माझी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण, पूर्व रेलवे की सक्रिय कार्यप्रणाली तथा उच्चतम संरक्षा एवं सेवा मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। यह लाखों यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के प्रति पूर्व रेलवे के दृढ़ संकल्प का परिचायक है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in