पार्क स्ट्रीट के एलन पार्क में पह ली बार होगी दुर्गापूजा, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

महालया के अगले दिन ही होगा उद्घाटन
Bengal
शुभेंदु अधिकारी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता के पार्क स्ट्रीट स्थित मशहूर एलन पार्क में इस साल पहली बार दुर्गापूजा का आयोजन होने जा रहा है। क्रिसमस के भव्य आयोजन के लिए प्रसिद्ध एलन पार्क अब दुर्गोत्सव के रंग में भी रंगेगा। पूजा का आयोजन कोलकाता सनातनी संघ की ओर से किया जा रहा है।

संघ के अध्यक्ष शंकुदेव पंडा के मुताबिक, महालया के अगले दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूजा का उद्घाटन करेंगे। गणेश चतुर्थी के दिन यहां भूमिपूजन भी किया गया है।

पूजा के मद्देनजर एलन पार्क और आसपास के इलाके की सजावट में भी बदलाव देखने को मिलेगा। महालया से ही पूजा परिसर में स्तोत्र पाठ शुरू होगा, जबकि चतुर्थी से बंगाल के लोक कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अष्टमी की आरती में भी विशेष आकर्षण रखने की तैयारी है।

आयोजकों के अनुसार, पार्क स्ट्रीट पर करीब दो किलोमीटर के हिस्से को रोशनी से सजाया जाएगा। चंदननगर और कांथी के कलाकार सजावट की जिम्मेदारी संभालेंगे। पूजा में भाजपा के कई बड़े नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना जताई गई है।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के साथ एलन पार्क में क्रिसमस का उत्सव भी जारी रहेगा। उनका कहना है कि सभी धर्मों के प्रति सम्मान रखते हुए क्रिसमस और दुर्गापूजा, दोनों ही उत्सव मनाए जाएंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in