

दक्षिण हावड़ा के पांचपाड़ा पंचायत की घटना
मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: वोट कार्यक्रम की घोषणा से पहले दक्षिण हावड़ा के पांचपाड़ा पंचायत अंतर्गत निमतल्ला शिवमंदिर इलाके में राजनीतिक तनाव फैल गया। भाजपा का पार्टी झंडा हटाने का विरोध करने पर एक महिला भाजपा नेता के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। इस मामले में सांकराइल की पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को हावड़ा अदालत में पेश किया गया। भाजपा सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे तृणमूल कार्यकर्ता अमित दास (42) पर इलाके में भाजपा का झंडा उतारने का आरोप है। इसे देखकर दक्षिण हावड़ा 3 नंबर मंडल की शक्तिकेंद्र प्रमुख मानविता दास ने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद अमित दास ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। मानविता दास के बेटे प्रीतम दास ने आरोप लगाया कि मां को बचाने के लिए आगे आने पर उनके साथ भी मारपीट की गई और उनका हाथ तोड़ दिया गया। घायल मां-बेटे को इलाज के लिए दक्षिण हावड़ा ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद मानविता दास ने सांकराइल पुलिस स्टेशन में अमित दास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अमित दास को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में अमित दास के परिवार की ओर से भी पलटवार शिकायत दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने दक्षिण हावड़ा बीजेपी 3 नंबर मंडल अध्यक्ष रॉबिन पाल और मानविता दास के देवर सोमनाथ दास को भी गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने संकराइल थाने के सामने प्रदर्शन किया।