Burrabazar Murder : बड़ाबाजार में युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत

Burrabazar Murder : बड़ाबाजार में युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत
Published on: 

झड़प में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से हुआ घायल
मृतक के परिजनों ने लगाया पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बड़ाबाजार में एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गयी। घटना बड़ाबाजार थानांतर्गत जेसप बिल्ड‌िंग के निकट एनएस रोड इलाके की है। आरोप है कि शराब पीने को केन्द्र कर दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान युवक की पीट-पीट कर हत्या दी गयी। झड़प में एक अन्य युवक भी बुरी तरह घायल हो गया। मृतक का नाम सचिन राय (33) है। वह हावड़ा के काली कुंडू लेन का रहने वाला था। इधर घटनास्थल से एक युवक को रक्तरंजित अवस्था में उद्धार किया गया। घायल युवक का नाम राजेश सिंह उर्फ सोनू है । वह स्थानीय निवासी है। उसे इलाज के लिए हावड़ा के संध्याबाजार इलाके के एक नर्स‌िंग होम में भर्ती कराया गया । घटना की सूचना पाकर होमीसाइड विभाग के अधिकार‌ियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार मृत सच‌िन राय का स्ट्रैंड रोड में कोरियर का ऑफिस है। मृतक की पत्नी प्रियंका राय ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार की शाम राजेश सिंह और एक अन्य युवक उनके ससुर के ऑफिस में आये और उसके पति को एक जागरण में साथ ले गए। शाम 7 बजे सचिन उक्त जागरण में शामिल होने के लिए गया और फिर 8 बजे लौट आया। रात साढ़े 8 बजे ऑफिस बंद करने के बाद उसका पति दोबारा जागरण देखने चला गया। रात साढ़े 10 बजे जब उन्होंने सचिन को फोन किया तो उसने कहा कि रात 11 बजे तक वह घर लौट आएगा। इसके बाद रात साढ़े 11 बजे सचिन की मां ने जब उसे फोन किया तो वह फोन नहीं उठा रहा था। रात के 1 बजे प्रियंका के भाई प्रदीप ने फोन कर बताया कि सचिन को उसके ऑफिस के सामने से घायल अवस्था में बरामद किया गया है। इसी बीच सचिन के पिता अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। पुलिस के अनुसार मृत सचिन राय के परिजनों ने उसके दोस्त राजेश सिंह उर्फ सोनू, सुजीत सिंह, भोला झा और शिवम यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ लोहे के रॉड सहित अन्य चीजों से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में 4 लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।
शराब पीने को केन्द्र कर दो गुटों में हुआ था विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार की रात हाईकोर्ट के निकट आयोजित जागरण में शाम‌िल होने के बाद सचिन अपने दोस्त सोनू के साथ वापस नेताजी सुभाष रोड लौट आया। यहां पर उन लोगों ने एक बिल्ड‌िंग के नीचे शराब पी। आरोप है कि जब वे लोग शराब पी रहे थे तभी सोनू का स्थानीय युवकों के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान अभियुक्तों ने सोनू और सचिन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमले में सोनू का सिर फट गया और वह दीवार फांदकर वहां से भाग निकला। इधर, सचिन अचेत होकर वहीं गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in