

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य को राज्य सरकार फिर से सुरक्षा उपलब्ध कराने जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके कोलकाता स्थित 59ए, पाम एवेन्यू आवास की सुरक्षा बहाल करने का निर्णय लिया है। इसे राजनीतिक सौजन्य और लोकतांत्रिक परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन 8 अगस्त 2024 को हुआ था। उनके निधन के बाद तत्कालीन राज्य सरकार ने उनके आवास पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था हटा ली थी। तब से मीरा भट्टाचार्य उसी छोटे से फ्लैट में सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत कर रही हैं, जहां वह अपने पति के साथ वर्षों तक रहीं। उनके पुत्र सुचेतन भी परिवार का हिस्सा हैं, लेकिन मीरा भट्टाचार्य अब अधिकतर समय अकेले ही रहती हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर यह निर्णय लिया है। भाजपा और वामपंथी विचारधारा में स्पष्ट अंतर होने के बावजूद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सुरक्षा बहाल करने का फैसला किया है। इसे नई सरकार की ओर से राजनीतिक शिष्टाचार का संदेश माना जा रहा है। बताया जाता है कि कभी पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने भी बुद्धदेव भट्टाचार्य को बड़ा सरकारी आवास लेने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने पाम एवेन्यू के अपने साधारण फ्लैट में ही रहने का फैसला किया था। उनके निधन के बाद भी मीरा भट्टाचार्य ने उसी घर में रहने का निर्णय कायम रखा। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने नई सरकार का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई थी कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा किया जाएगा और पश्चिम बंगाल में बेहतर प्रशासन स्थापित होगा।