

कोलकाता : देश की अर्थव्यवस्था पर दिये गये मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान का विरोध भाजपा ने जताया। यहां उल्लेखनीय है कि लंदन में सीएम ने इस उम्मीद पर ‘अंदेशा’ जाहिर किया कि वर्ष 2060 तक भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। परिचर्चा के संचालक ने कहा, ‘भारत पहले ही ब्रिटेन से आगे निकल चुका है, हम अब छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं, और भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जल्द ही, यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। अनुमान है कि 2060 तक यह दुनिया की पहली अर्थव्यवस्था होगी।‘ इस पर ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं इससे असहमत हूं।’
एक्स हैंडल पर अपने पोस्ट में प्रदेश भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को इससे समस्या है कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। मालवीय ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, ‘यह शर्मनाक है। जिस सांवैधानिक पद पर वह बैठी हैं, यहउसका अपमान है। विदेशी धरती पर भला इस तरह कौन व्यवहार करता है?’ इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘यह अविश्वसनीय है कि एक भारतीय राज्य का मुख्यमंत्री, विदेशी धरती पर, भारत के दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर आपत्ति जताता है और इस पर असंतोष व्यक्त करता है। यह कुछ और नहीं बल्कि भारत बदनामी ब्रिगेड है जो विदेशी धरती पर भारत की उपलब्धियों को कमतर आंकना पसंद करती है, बिल्कुल राहुल गांधी की तरह। इंडी गठबंधन भारत की उपलब्धियों से नफरत करता है।’
केंद्रीय मंत्री और बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने भी ममता बनर्जी की टिप्पणी की निंदा की और कहा कि उनकी ‘भारत विरोधी बयानबाजी’ देश में उनके पद का ‘अपमान’ है। सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘ममता बनर्जी विदेशी धरती पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल कर रही हैं। उनकी भारत विरोधी बयानबाजी न केवल हर बंगाली और भारतीय के लिए शर्मनाक है, बल्कि उनके सांवैधानिक पद का भी अपमान है। यह स्पष्ट है कि आप एक मुख्यमंत्री के रूप में विफल रही हैं, लेकिन क्या आपको खुद को भारतीय कहने में भी संकोच होता है?’