Bengaluru Traffic Jam : घंटों जाम में फंसा यह शहर तो लोगों ने रास्ते में ही मंगवा लिया पिज्जा

Bengaluru Traffic Jam : घंटों जाम में फंसा यह शहर तो लोगों ने रास्ते में ही मंगवा लिया पिज्जा
Published on: 

बेंगलुरु : देश के आईटी हब और शानदार शहरों में शुमार बेंगलुरु की कल यानी बुधवार को रफ्तार थम गई। सड़क पर ट्रैफिक जाम कितनी ज्यादा थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ियां इस कदर सड़कों पर फंसीं कि एक किलोमीटर का सफर पूरा करने में 2 घंटे का वक्त लगा। बच्चे रात 8-9 बजे स्कूल घर लौट सके। सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम शहर के बाहरी इलाके में स्थित रिंग रोड पर लगा जहां लोग 5 से 6 घंटे तक गाड़ियों में फंसे रहे। घंटों तक गाड़ियों का शोर, धुएं की दुर्गंध और हंगामे से ऐसा माहौल बन गया था कि वहां फंसे लोगों के लिए माहौल परेशानी भरा हो गया था। ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूटने लगे थे। कई लोग सोशल मीडिया पर जाम के बीच से ही ऑनलाइन आए और अपनी परेशानियों के बारे में बताया। लोगों ने प्रशासन पर भी जमकर गुस्सा निकाला।
भयंकर ट्रैफिक में फंसे शख्स ने ऑर्डर कर दिया पिज्जा


वहीं, इस भयंकर ट्रैफिक जाम में एक ऐसा शख्स भी फंसा था जिसने पिज्जा ऑर्डर कर दिया और रेस्टोरेंट ने उसे ट्रैफिक के बीच पिज्जा डिलीवर भी कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो शूट किया गया और अब ये सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा लोग इस तरह से पिज्जा डिलीवरी को लेकर खूब मजे भी ले रहे हैं। दरअसल बेंगलुरु के ट्रैफिक में फंसे एक शख्स और उसके साथ मौजूद लोगों को जब भूख लगी तो उन्होंने एक तरकीब लगाई। उन्होंने डॉमिनोज का ऐप खोला और अपनी लाइव लोकेशन पर ही पिज्जा ऑर्डर कर दिया। ऑर्डर मिलने के बाद बाइक सवार डिलीवरी बॉय डिलीवरी के लिए निकल पड़े, किसी तरह ट्रैफिक में उन्होंने इस शख्स को गूगल मैप के जरिए ट्रैक कर लिया। इसके बाद बीच सड़क पर ट्रैफिक में फंसी कार के आगे बाइक लगाकर पिज्जा डिलीवर कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे
इस अनोखे तरीके से पिज्जा डिलीवरी और ऑर्डर करने की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। ये वीडियो रात के समय का है।

लाखों गाड़ियां जाम में फंस गईं

बेंगलुरु में शाम के वक्त सिल्क बोर्ड, केआर पुरम के बीच और आसपास के क्षेत्र में महाजाम लग गया। देखते ही देखते लाखों गाड़ियां जाम में फंस गई। जाम में फंसे लोगों को परेशानी का सामने करना पड़ा। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने परेशानी बताई। लोगों ने बताया कि वो कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस का कहना था कि बुधवार को यातायात सामान्य से 2 गुना रहा। वैसे तो हर बधवार वाहनों की संख्या लगभग 1.5 से 2 लाख होती है। मगर इस बार शाम साढ़े सात बजे करीब यह संख्या 3.5 लाख हो चुकी थी। इसके अलावा कई जगहों पर बारिश के कारण जलभराव हो गया था। जिसकी वजह से कई वाहन सड़क के बीच खराब हो गए और यातायात बिगड़ता चला गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in