महिला को लोन दिलाकर फंसा बैंक कर्मी

दोस्ती का ढोंग कर 4 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप पर्णश्री थाने में महिला और उसके पुरुष मित्र के खिलाफ मामला दर्ज
महिला को लोन दिलाकर फंसा बैंक कर्मी
Published on

कोलकाता : बेहला इलाके में एक महिला को बैंक से लोन दिलवाने में मदद करना एक बैंक कर्मचारी को बेहद भारी पड़ गया। आरोप है कि महिला ने पहले बैंक कर्मी से दोस्ती का नाटक किया और फिर फोन पर हुई नजदीकियों का फायदा उठाकर उससे 4 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश रच डाली। इस मामले में पीड़ित बैंक कर्मी ने दक्षिण कोलकाता के पर्णश्री थाने में अभियुक्त महिला और उसके एक पुरुष साथी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर दोनों अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता युवक एक सरकारी बैंक की बेहला शाखा में कार्यरत है। कुछ समय पहले अभियुक्त महिला बैंक से लोन लेने के सिलसिले में उक्त कर्मचारी के संपर्क में आई थी। बैंक कर्मी ने विभागीय नियमों के तहत महिला को लोन दिलाने में मदद की और उसका काम करवा दिया। लोन मिलने के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा। धीरे-धीरे महिला ने दोस्ती का ढोंग रचा और दोनों फोन पर काफी करीब आ गए। आरोप है कि महिला इसी ताक में थी और उसने इस कथित नजदीकी को ही अपना हथियार बना लिया। महिला ने अचानक बैंक कर्मी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और चुप रहने के एवज में 4 लाख रुपये की मोटी रकम की मांग की।"

पैसे नहीं देने पर नौकरी और पुलिस केस की दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि इस ब्लैकमेलिंग में महिला का एक पुरुष मित्र भी शामिल है। उस अज्ञात पुरुष ने भी बैंक कर्मी को फोन कर डराया-धमकाया और जल्द से जल्द 4 लाख रुपये का भुगतान करने का दबाव बनाया। अभियुक्तों ने पीड़ित को धमकी दी कि यदि उसने मांगे गए पैसे नहीं दिए, तो वे उसके खिलाफ पुलिस और बैंक के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर देंगे, जिससे उसकी नौकरी चली जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार बैंक कर्मचारी ने कानून का दरवाजा खटखटाया और पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर जबरन वसूली और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फोन कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए अभियुक्त महिला और उसके पुरुष साथी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in