

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : बेलूड़ के जीटी रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम परशुराम यादव है। वह साइकिल से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, जीटी रोड पर डॉन बॉस्को मोड़ पार करते समय हावड़ा से बाली जा रही एक यात्री बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बेलूड़ पुलिस स्टेशन की टीम चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।