

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल सिविल सर्विस (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कोलकाता मेट्रो ने 14 जून यानी रविवार को ब्लू लाइन और ग्रीन लाइन पर अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इससे परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों और अन्य यात्रियों को सुबह के समय बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी। मेट्रो रेलवे के अनुसार, दोनों कॉरिडोर पर सेवाएं सुबह 8 बजे से शुरू होंगी, जबकि अंतिम मेट्रो सेवाओं के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ब्लू लाइन पर 156 सेवाएं : रविवार को सामान्य रूप से संचालित होने वाली 152 सेवाओं के स्थान पर कुल 156 मेट्रो सेवाएं (78 अप एवं 78 डाउन) चलाई जाएंगी। सुबह 8 बजे से 9 बजे तक दोनों दिशाओं में मेट्रो हर 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी। इसके बाद सामान्य रविवार की समय-सारिणी लागू होगी।
पहली सेवाएं: दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम के लिए सुबह 8 बजे (सामान्य समय 9 बजे)
शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर के लिए सुबह 8 बजे (सामान्य समय 9 बजे)
ग्रीन लाइन पर 112 सेवाएं
ग्रीन लाइन पर रविवार को सामान्य 108 सेवाओं के बजाय 112 सेवाएं (56 अप एवं 56 डाउन) संचालित की जाएंगी। सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक दोनों दिशाओं में 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो चलेगी, जिसके बाद नियमित रविवार की समय-सारिणी का पालन किया जाएगा।
पहली सेवाएं: हावड़ा मैदान से साल्ट लेक सेक्टर-5 के लिए सुबह 8 बजे (सामान्य समय 9 बजे)
साल्ट लेक सेक्टर-5 से हावड़ा मैदान के लिए सुबह 8:02 बजे (सामान्य समय 9:02 बजे)
येलो लाइन सामान्य, पर्पल और ऑरेंज लाइन बंद
मेट्रो रेलवे ने स्पष्ट किया है कि येलो लाइन पर सामान्य रविवार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जबकि पर्पल लाइन और ऑरेंज लाइन पर 14 जून को कोई सेवा संचालित नहीं होगी। मेट्रो प्रशासन का मानना है कि अतिरिक्त सेवाओं से डब्ल्यूबीसीएस परीक्षा के दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में सुविधा होगी तथा सुबह के समय यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।