

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जल्दबाजी और लापरवाही का एक बेहद खतरनाक मामला कोलकाता मेट्रो में सामने आया है। नार्थ-साउथ मेट्रो कॉरिडोर के मास्टरदा सूर्य सेन मेट्रो स्टेशन पर एक युवती गलत प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद मेट्रो ट्रैक पर उतरकर दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने की कोशिश करने लगी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10 बजे ऑफिस समय के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा कि युवती दमदम जाने वाले प्लेटफॉर्म से अचानक रेलिंग पार कर मेट्रो ट्रैक पर उतर गई और शहीद खुदीराम की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म की तरफ बढ़ने लगी। वीडियो में दिखाई देता है कि युवती तीसरी रेल (थर्ड रेल) के बेहद करीब पहुंच गई, जिसमें उच्च वोल्टेज की बिजली प्रवाहित होती है। यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने जोर-जोर से चिल्लाकर उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान शहीद खुदीराम की ओर जाने वाली एक मेट्रो ट्रेन स्टेशन में प्रवेश कर रही थी। यात्रियों के शोर को सुनकर लोको पायलट ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। कुछ ही क्षण बाद दमदम की ओर जाने वाली दूसरी ट्रेन भी स्टेशन पर पहुंच गई, जिसके चालक ने भी स्थिति को देखते हुए ट्रेन रोक दी। घटना की सूचना मिलते ही मेट्रो के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। कंट्रोल रूम से तत्काल थर्ड रेल की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद युवती को सुरक्षित ट्रैक से बाहर निकालकर स्टेशन सुपरिंटेंडेंट के कार्यालय ले जाया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह गलती से गलत प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई थी। सामने दूसरी दिशा में मेट्रो आती देखकर उसने ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने का प्रयास किया। इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस लापरवाही पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने इसे जानलेवा हरकत बताते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। मेट्रो अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में मेट्रो ट्रैक पर न उतरें। यदि गलती से गलत प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाएं तो केवल फुटओवर ब्रिज, सबवे या निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें। मेट्रो की थर्ड रेल में उच्च वोल्टेज का करंट प्रवाहित होता है, जिससे ट्रैक पर उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।