

कोलकाता : महानगर के आनंदपुर थाना क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों और हॉकरों से दुकान दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने ''रूबी गायत्री देवी हॉकर्स यूनियन बाजार कमेटी'' के सदस्य श्यामल सरदार की शिकायत पर स्थानीय वार्ड नंबर 108 के पार्षद सुशांत कुमार घोष और हॉकर कमेटी के सदस्यों सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
टिन की दुकान देने के नाम पर वसूली
शिकायतकर्ता श्यामल सरदार के अनुसार, यह पूरा खेल साल 2022 से 2023 के बीच खेला गया। आरोप है कि एफआईआर में नामजद अभियुक्तों ने आनंदपुर रोड के हॉकरों को फुटपाथ पर टिन की दुकानें आवंटित करने का झांसा दिया। इसके बदले में गरीब हॉकरों से जबरन मोटी रकम वसूली गई।
डर दिखाकर ऐंठे 2 से 3 करोड़ रुपये
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इन रसूखदार अभियुक्तों ने हॉकरों के बीच डर का माहौल पैदा किया। दुकानदारों को अंजाम भुगतने की धमकी देकर डराया-धमकाया गया और उनसे भारी मात्रा में पैसे ऐंठे गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, अभियुक्तों ने एक संगठित रैकेट चलाकर दुकानदारों से लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये की मोटी रकम वसूल ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।