10 रुपये! 10 रुपये!! 10 रुपये!!!—जब सब कुछ महंगा, तब भी प्लेटफॉर्म टिकट सिर्फ 10 रुपये

10 रुपये! 10 रुपये!! 10 रुपये!!!—जब सब कुछ महंगा, तब भी प्लेटफॉर्म टिकट सिर्फ 10 रुपये
Published on

कोलकाता : बंगाली नववर्ष ‘पोइला बोइशाख’ के अवसर पर सृजनी (नाम परिवर्तित) हावड़ा स्टेशन जा रही थी। उसकी दोस्त अर्पिता (नाम परिवर्तित) बैंडेल से लोकल ट्रेन से आने वाली थी। दोनों ने तय किया था कि स्टेशन पर मिलने के बाद वे विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में ‘हलकाता’ (नए साल पर खाता खोलने की पारंपरिक रस्म) में शामिल होंगी। परिवार की ओर से उन्हें कई दुकानों में निमंत्रण भी मिला था। दोनों इस दिन को लेकर बेहद उत्साहित थीं—दुकान-दुकान घूमना, ठंडे पेय और मिठाइयों जैसे संदेश का आनंद लेना, उपहार पाना, और मौका मिला तो किसी मॉल या रेस्टोरेंट में कुछ नया खाने का भी प्लान था। सृजनी दोपहर करीब 1:30 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंची। अर्पिता की ट्रेन करीब 2 बजे आने वाली थी। इंतजार करते हुए सृजनी प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने के लिए काउंटर की लाइन में लग गई। जब उसने 50 रुपये का नोट दिया, तो बुकिंग क्लर्क ने उससे केवल 10 रुपये मांगे। हैरान होकर सृजनी ने पूछा, “क्या! प्लेटफॉर्म टिकट का दाम नहीं बढ़ा?” जवाब मिला, “नहीं मैडम, प्लेटफॉर्म टिकट लंबे समय से 10 रुपये ही है।” दोस्त से मिलने के बाद सृजनी ने अर्पिता से कहा, “तुम्हें पता है, प्लेटफॉर्म टिकट अब भी सिर्फ 10 रुपये है।” इस पर अर्पिता ने हंसते हुए कहा, “तुम भी ना! हर चीज महंगी हो रही है, इसलिए तुम्हें लगा यह भी बढ़ गया होगा? वर्षों से Eastern Railway ने प्लेटफॉर्म टिकट का दाम 10 रुपये ही रखा है, ताकि आम लोग आसानी से इसे खरीद सकें। फिर भी कई लोग यह छोटी-सी रकम खर्च करने से बचते हैं और बिना वजह प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ाते हैं।” दरअसल, बिना टिकट के प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वालों की वजह से न केवल भीड़ बढ़ती है, बल्कि स्टेशन की साफ-सफाई और व्यवस्था भी प्रभावित होती है। कई लोग बिना किसी कारण वहां बैठकर समय बिताते हैं, चाय के कप और खाने के पैकेट इधर-उधर फेंक देते हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। इस संबंध में शिबराम माझी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व रेलवे ने कहा, “रेलवे की अपेक्षा है कि वैध टिकटधारी यात्रियों के अलावा अन्य लोग स्टेशन परिसर में केवल प्लेटफॉर्म टिकट लेकर ही प्रवेश करें। इसकी कीमत मात्र 10 रुपये है। स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की जाती है।”

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in