

अभिनेता हर्षवर्धन राणे की आगामी फिल्म ‘सिला’ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माताओं ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। कश्मीर और वियतनाम की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म प्रेम और बदले की कहानी पेश करेगी।
जी स्टूडियोज ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया। ओमुंग कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ‘द डिप्लोमैट’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सादिया खतीब भी नजर आएंगी। रोमांस, रहस्य और एक्शन से भरपूर इस फिल्म में राणे विराट की भूमिका निभा रहे हैं। विराट प्रेम से प्रेरित एक ऐसा व्यक्ति है, जो परिस्थितियों के अप्रत्याशित मोड़ लेने पर खुद को अस्तित्व की लड़ाई लड़ते हुए पाता है।
‘सनम तेरी कसम’, ‘तैश’, ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके राणे ने कहा कि ‘सिला’ में काम करना उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण, लेकिन रोमांचक अनुभवों में से एक रहा। उन्होंने एक बयान में कहा, “फिल्म के एक्शन, लोकेशन और भावनात्मक गहराई ने मुझसे शारीरिक और मानसिक, दोनों स्तरों पर काफी मेहनत कराई। इस कहानी की सबसे खास बात यह है कि एक्शन और रोमांच के पीछे यह सवाल छिपा है कि आप उस व्यक्ति के लिए कितनी दूर तक जा सकते हैं, जो आपके लिए सब कुछ है। मैं दर्शकों को बड़े पर्दे पर अपना यह रूप दिखाने के लिए उत्साहित हूं।”
‘मैरी कॉम’ और ‘सरबजीत’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके ओमुंग कुमार ने कहा कि उनकी टीम रोमांस, एक्शन, रहस्य और रोमांच को एक ऐसी कहानी में पिरोना चाहती थी, जिसमें भावनात्मक पहलू भी बरकरार रहे। उन्होंने कहा, “‘सिला’ के जरिए हम ऐसी फिल्म बनाना चाहते थे, जो दर्शकों को रोमांचक उतार-चढ़ाव से भरी यात्रा पर ले जाए और जिसमें रोमांस, एक्शन, रहस्य तथा रोमांच अप्रत्याशित अंदाज में एक साथ सामने आएं।”
कुमार ने कहा कि हर्षवर्धन राणे अपने किरदार में गहनता और शारीरिक ऊर्जा लेकर आए हैं, जबकि सादिया खतीब ने अपनी भूमिका को मजबूती और गहराई दी है।
जी स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण जी स्टूडियोज, ओमुंग कुमार, हिमांशु तिवारी, अजय सिंह, धनंजय सिंह और वनिता गरुड़ कुमार ने किया है। हेमंत तिवारी फिल्म के सह-निर्माता हैं।