

Madhurima Roy इन दिनों अपनी आगामी फिल्म “ना जाने कौन आ गया” को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म एक डार्क लव ट्राएंगल पर आधारित है, जहाँ प्यार इलाज नहीं, बल्कि ज़हर बन जाता है। वेब सीरीज़ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली माधुरिमा अब पहली बार किसी फीचर फिल्म में लीड रोल में नज़र आएंगी। पेश हैं उनसे हुई खास बातचीत के संपादित अंश-
आपने अपने करियर की शुरुआत वेब सीरीज़ से की थी । क्या आप खुद को मुख्य रूप से OTT अभिनेत्री मानती हैं?
उत्तर : हाँ, मेरी शुरुआत वेब सीरीज़ से ही हुई थी। मेरा पहला शो “कौशिकी” था, जो उस समय काफी लोकप्रिय हुआ। उसके बाद 'Criminal Justice' मेरे करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट बना। मैंने लगभग 10–11 OTT प्रोजेक्ट्स किए हैं । हालाँकि, मैंने फिल्में भी की हैं जैसे 'Junglee' और 'Dobaaraa' । लेकिन “ना जाने कौन आ गया” मेरी पहली फीचर फिल्म है जिसमें मैं मुख्य भूमिका में हूँ। इसलिए यह मेरे लिए बेहद खास है।
अपनी फिल्मी यात्रा के बारे में बताइए ।
उत्तर : मेरी पहली फीचर फिल्म “जंगली” थी, जिसे हॉलीवुड निर्देशक 'Chuck Russell' ने निर्देशित किया था। उन्होंने ही मशहूर फिल्म 'The Mask' बनाई थी। उसके बाद मैंने Anurag Kashyap के साथ “दोबारा” में काम किया। अब “ना जाने कौन आ गया” मेरी पहली थिएट्रिकल रिलीज़ है जिसमें मैं लीड रोल निभा रही हूँ।
क्या आपको कभी कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा ?
उत्तर : नहीं, मुझे सीधे तौर पर कभी ऐसा अनुभव नहीं हुआ। 2017–18 में जब मैं नई-नई मुंबई आई थी और ऑडिशन देती थी, तब कुछ संदिग्ध जगहों का सामना हुआ। लेकिन मेरी सहज बुद्धि ने मुझे बचा लिया। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूँ। मुझे उन लड़कियों के लिए बुरा लगता है जो छोटे शहरों से आकर गलत लोगों के जाल में फँस जाती हैं।
अनुराग कश्यप के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा ?
उत्तर : लोग उन्हें बहुत इंटेंस मानते हैं, लेकिन वे बेहद विनम्र और सम्मानजनक इंसान हैं। सेट पर उन्होंने मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। वे अपने काम को लेकर स्पष्ट और ईमानदार हैं। अगर उन्हें किसी का काम पसंद आता है तो खुलकर तारीफ करते हैं।
“ना जाने कौन आ गया” में आपको लीड रोल कैसे मिला?
उत्तर : मैंने 2–3 बार ऑडिशन दिया। फिर निर्देशक विकास अरोड़ा ने मुझसे लंबी बातचीत की और उसके बाद मुझे फाइनल किया। यह उनकी पहली फिल्म है। फिल्म बनाना मुश्किल होता है, लेकिन उसे थिएटर तक पहुँचाना और भी मुश्किल है । इसलिए मैं बहुत आभारी हूँ कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज़ हो रही है।
क्या OTT फिल्मों से बेहतर अवसर देता है ?
उत्तर : जब मैंने 2017 में शुरुआत की थी, तब OTT उभर रहा था। जिन कलाकारों का फिल्मी बैकग्राउंड नहीं होता, उनके लिए OTT बहुत बड़ा अवसर बना। OTT पर किरदार को गहराई से निभाने का समय मिलता है। लेकिन मेरे लिए अभिनय, अभिनय है - चाहे वह फिल्म हो या वेब सीरीज़।
आज के दौर में रिश्तों को आप कैसे देखती हैं?
उत्तर : मैं मिलेनियल हूँ। पहले प्यार सीधा और सरल था। आज लोग महीनों साथ रहने के बाद भी निश्चित नहीं होते। महिलाएँ अब आर्थिक और भावनात्मक रूप से स्वतंत्र हैं । उन्हें किसी की “ज़रूरत” नहीं, बल्कि एक अच्छे साथी की “चाह” होती है। यही बदलाव रिश्तों को जटिल बना रहा है।
क्या आप फिलहाल किसी को डेट कर रही हैं? आपके पहले प्यार में क्या गलत हुआ?
उत्तर : हम 13 साल तक बेस्ट फ्रेंड थे, फिर रिलेशनशिप में आए। लेकिन समय के साथ हमारे सपने और जीवन की दिशा अलग हो गई। मैं बहुत बड़े सपने देखती हूँ - दुनिया घूमना, प्रोफेशनल ग्रोथ, लगातार आगे बढ़ना। आखिरी छह महीने रिश्ते में टॉक्सिक हो गए क्योंकि हम ऐसी चीज़ को खींच रहे थे जो अब मेल नहीं खा रही थी। प्यार था, लेकिन कम्पैटिबिलिटी नहीं ।
क्या आगे बढ़ना मुश्किल था ?
उत्तर : बहुत मुश्किल था। जब आप किसी एक इंसान पर भावनात्मक रूप से निर्भर हो जाते हैं, तो उसे छोड़ना आसान नहीं होता। मैंने न सिर्फ अपना पार्टनर खोया, बल्कि अपना सबसे अच्छा दोस्त भी खो दिया। लेकिन कभी-कभी अपने मानसिक स्वास्थ्य के लिए कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं।
आज आप खुद को कितना सशक्त महसूस करती हैं ?
उत्तर : 2026 की शुरुआत से मैं खुद को अलग ऊर्जा में महसूस कर रही हूँ। मैं पहले से ज्यादा आत्मविश्वासी और सशक्त महसूस करती हूँ। अभिनय के अलावा मैं कंटेंट क्रिएशन और फुटबॉल स्पोर्ट्स कमेंट्री भी कर रही हूँ। मैं हर उस चीज़ में खुद को झोंक रही हूँ जिससे मुझे खुशी मिलती है।
आगे क्या नया आने वाला है ?
उत्तर : मैं 23 तारीख से एक नई वेब सीरीज़ “धाईचल” की शूटिंग शुरू कर रही हूँ। यह राजस्थान की राजनीति पर आधारित है, जिसमें मैं एक युवा मुख्यमंत्री का किरदार निभा रही हूँ। यह बेहद पावरफुल और लेयर्ड रोल है।
- लिपिका वर्मा