बॉलीवुड की इस अभिनेत्री ने लिया संन्यास

महाकुंभ में ममता कुलकर्णी ने लिया संन्यास, बनीं महामंडलेश्वर
बॉलीवुड की इस अभिनेत्री ने लिया संन्यास
Published on: 

प्रयागराज: बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने शुक्रवार को प्रयागराज के महाकुंभ में पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई और गृहस्थ जीवन से संन्यास लेने की घोषणा की। किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरि उर्फ टीना मां ने बताया कि ममता कुलकर्णी ने गंगा में डुबकी लगाने के बाद गंगा तट पर अपना पिंडदान भी किया।

शाम करीब आठ बजे किन्नर अखाड़ा में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ममता कुलकर्णी का पट्टाभिषेक किया गया। इस समारोह में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी महेंद्रानंद गिरि, किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और अन्य किन्नर महामंडलेश्वर भी मौजूद थे। पहले पांच महामंडलेश्वरों का पट्टाभिषेक किया गया और फिर ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर के पद पर प्रतिष्ठित किया गया। उन्हें अब 'यमाई ममता नंद गिरि' नाम दिया गया है।

ममता कुलकर्णी ने इस अवसर पर कहा कि उन्होंने 23 साल पहले जूना अखाड़ा के चैतन्य गगन गिरि महाराज से दीक्षा ली थी और पिछले दो साल से लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के संपर्क में थीं। ममता ने यह भी बताया कि वह बॉलीवुड में वापसी नहीं करना चाहती थीं, इसलिए 23 साल पहले ही फिल्म इंडस्ट्री को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा, "अब मैं मध्यम मार्ग अपनाते हुए सनातन धर्म का प्रचार करूंगी।"

अपने फिल्मी करियर के बारे में ममता ने बताया, “मैंने करीब 40-50 फिल्मों में अभिनय किया और जब फिल्म इंडस्ट्री छोड़ी, तब मेरे पास 25 फिल्में थीं। संन्यास लेने का कारण कोई परेशानी नहीं, बल्कि आनंद की प्राप्ति था।”

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News