

नई दिल्ली: अभिनेता राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए रिलीज के पांच दिनों के भीतर 315 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई दर्ज की है। निर्देशक बुची सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म चार जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
फिल्म में राम चरण के साथ शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
फिल्म निर्माण कंपनी वृद्धि सिनेमाज ने मंगलवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते के माध्यम से फिल्म के बॉक्स ऑफिस आंकड़े साझा किए। कंपनी के अनुसार, ‘पेड्डी’ ने पहले दिन 135.36 करोड़ रुपये की कमाई की थी। शुरुआती सप्ताहांत में फिल्म का कुल संग्रह 236.7 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, रिलीज के पांच दिनों के भीतर इसकी कुल वैश्विक कमाई 315 करोड़ रुपये से अधिक हो गई।
निर्माताओं ने अपने पोस्ट में लिखा, “बॉक्स ऑफिस चैंपियन ‘पेड्डी’ का दबदबा लगातार कायम है। फिल्म ने मात्र पांच दिनों में दुनियाभर में 315 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। ‘पेड्डी’ अब सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है।”
आंध्र प्रदेश की 1980 के दशक की ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित ‘पेड्डी’ एक निचली जाति के युवक की प्रेरणादायक कहानी है, जो अपने समुदाय को पहचान और सम्मान दिलाने के लिए कुश्ती का मार्ग अपनाता है।
फिल्म का निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया है, जबकि ईशान सक्सेना ने आईवी एंटरटेनमेंट के तहत सह-निर्माता की भूमिका निभाई है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।