प्रेम चोपड़ा गंभीर हृदय रोग से पीड़ित: शरमन जोशी

शरमन जोशी ने इंस्टाग्राम में प्रेम चोपड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी साझा करते हुए ये जानकारी दी कि .......
File Photo
File Photo
Published on: 

नई दिल्ली: अभिनेता शरमन जोशी ने बताया कि दिग्गज अभिनेता और उनके ससुर प्रेम चोपड़ा गंभीर ‘एओर्टिक स्टेनोसिस’ से पीड़ित हैं और उन्होंने सुचारू उपचार के लिए चिकित्सकों की प्रशंसा की। ‘मेयो क्लिनिक’ की परिभाषा के अनुसार, ‘एओर्टिक स्टेनोसिस’ हृदय वाल्व रोग का एक प्रकार है, जिसे ‘वॉल्व्युलर’ हृदय रोग भी कहा जाता है। ‘एओर्टिक वाल्व स्टेनोसिस’ में वाल्व संकरा हो जाता है और पूरी तरह खुल नहीं पाता। इससे हृदय से धमनी और फिर शरीर के बाकी हिस्सों में जाने वाले रक्त प्रवाह में कमी या रुकावट आ जाती है।

शरमन जोशी ने इंस्टाग्राम पर साझा की जानकारी

‘‘3 इडियट्स’’, ‘‘रंग दे बसंती’’ और ‘‘गोलमाल’’ में अपनी भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले जोशी ने सोमवार को अपने ‘इंस्टाग्राम अकाउंट’ पर कई तस्वीरें साझा कीं और चिकित्सकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने तस्वीरों के साथ ‘कैप्शन’ में लिखा, ‘‘अपने परिवार की ओर से, मैं अपने ससुर प्रेम चोपड़ा को प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन गोखले और इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रविंदर सिंह राव से मिले अनुकरणीय उपचार के लिए हार्दिक आभार देता हूं और उनकी प्रशंसा करना चाहता हूं।’’

प्रेम चोपड़ा घर पर लेकिन कड़ी निगरानी में

जोशी ने कहा, ‘‘वह अब घर आ गए हैं और काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। हम उन्हें मिले असाधारण सहयोग और देखभाल के लिए हमेशा आभारी रहेंगे।’’ चोपड़ा (92) को पिछले महीने मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने बताया था कि उन्हें वायरल संक्रमण और उम्र संबंधी परेशानियां हैं। जोशी की शादी चोपड़ा की बेटी प्रेरणा चोपड़ा से हुई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News