

नई दिल्ली - प्रियंका चोपड़ा आज सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में एक मशहूर नाम बन चुकी हैं। उन्होंने ग्लोबल स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि, उनका यह सफर आसान नहीं था। एक बाहरी व्यक्ति होने के नाते, प्रियंका को बॉलीवुड में खुद को स्थापित करने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। 2023 में उन्होंने खुलासा किया था कि एक वक्त ऐसा भी था जब फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा था। अब उनकी मां, मधु चोपड़ा ने 'दोस्ताना' फिल्म से जुड़ा एक किस्सा साझा किया है, जब मनीष मल्होत्रा ने गलती से प्रियंका के खिलाफ लिखे गए एक मैसेज को खुद प्रियंका को ही भेज दिया था।
दोस्ताना रिलीज होने से पहले की है बात
प्रियंका चोपड़ा की मां, मधु चोपड़ा ने 'लेहरे रेट्रो' के साथ बातचीत के दौरान एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रियंका उस वक्त करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म दोस्ताना में काम कर रही थीं, जिसमें मनीष मल्होत्रा भी जुड़े हुए थे। हालांकि, प्रियंका और मनीष के बीच खास बनती नहीं थी। जब प्रियंका ने फिल्म का मशहूर गाना देसी गर्ल किया, तो मनीष मल्होत्रा ने करण जौहर को एक मैसेज भेजकर उनसे तुरंत फिल्म सिटी आने को कहा।
गलती से करण के बजाय प्रियंका को भेज दिया था मैसेज
मधु चोपड़ा ने आगे बताया कि मनीष मल्होत्रा ने करण जौहर को मैसेज भेजते हुए लिखा, "फिल्म सिटी आ जाओ, आज आखिरी दिन है। इससे तुम्हें छुटकारा मिल जाएगा।" लेकिन गलती से यह मैसेज करण के बजाय सीधे प्रियंका को ही चला गया। उस मैसेज में लिखा था, "भगवान का शुक्र है कि आज प्रियंका के साथ मेरा आखिरी दिन है।" मधु चोपड़ा ने कहा कि जब यह हुआ, तब वह प्रियंका के साथ ही बैठी थीं।
प्रियंका ने समझदारी से स्थिति को संभाला था
मधु चोपड़ा ने बताया कि जब प्रियंका ने मनीष मल्होत्रा का मैसेज पढ़ा, तो उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। यह देखकर करण जौहर भी घबरा गए और उन्होंने तुरंत मनीष को मैसेज कर इस बारे में पूछा। मनीष को अपनी गलती का एहसास हो गया। मधु चोपड़ा ने इस पूरे वाकये को "एक बड़ी गलती" करार दिया और कहा कि प्रियंका ने इस स्थिति को बेहद समझदारी और धैर्य के साथ संभाला।