संगीत से इलाज : अमेय डबली का लोगों को जोड़ने का मिशन

संगीत के माध्यम से दिलों को छूने की कोशिश
संगीत के माध्यम से दिलों को छूने की कोशिश अमेय डबली
संगीत के माध्यम से दिलों को छूने की कोशिश अमेय डबली
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

मुम्बई/ कोलकाता : आज के समय में, जब मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है, वहीं लोग पारंपरिक चिकित्सा के साथ-साथ वैकल्पिक तरीकों की ओर भी रुख कर रहे हैं। लोग अपने मन को शांत रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कोई घूमने जाता है, कोई पेंटिंग करता है, तो कोई किताबें पढ़ता है। ऐसे ही एक तरीका है संगीत से इलाज, यानी म्यूजिक थेरेपी। इसमें संगीत के जरिए मन की परेशानियों को दूर किया जाता है। लेकिन जब ये तरीका इतना जाना-पहचाना नहीं था, तब भी एक इंसान इसे लेकर पूरे देश में काम कर रहा था जो हैं अमेय डबली, जो एक गायक, संगीतकार और 'एकम सत् फाउंडेशन' के संस्थापक हैं। 

जब 'म्यूजिक थेरेपी' केवल एक किताब या रिसर्च का विषय था, तब अमेय देश के कठिन से कठिन इलाकों में अपने कॉन्सर्ट्स विथ ए कॉज के साथ पहुँच रहे थे। उनका मिशन था देश की सशस्त्र सेनाओं के जवानों को भावनात्मक संबल देना। उनके साथ 25 संगीतकारों की टीम होती है, जो सीमाओं से लेकर विशेष सैन्य समारोहों जैसे कारगिल विजय दिवस तक, अपनी खूबसूरत प्रस्तुतियों से जांबाजों को सलामी देती है।

उनके इस नेक काम को देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल अनिल चौहान ने भी सराहा है। उन्होंने कहा कि अमेय का संगीत जवानों के लिए एक भावनात्मक सहारा बन गया है।

संगीत की उपचार शक्ति के बारे में बात करते हुए अमेय डबली कहते हैं,"भारतीय संगीत में हमेशा से एक उपचार करने वाली ताकत रही है। जब इसे सही तरीके से सुना जाए, तो यह जादू की तरह असर करता है - यह आत्मा को वहाँ छूता है जहाँ शब्द भी नहीं पहुंच पाते। सोचिए, जब हम उदास होते हैं तो संगीत के साथ रोते हैं और जब खुश होते हैं तो उसी के साथ जश्न मनाते हैं। संगीत हमारे भावनात्मक जीवन का सहारा है। प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. मेघना दफ्तरी, जो वयस्क ऑटिस्टिक मरीजों के साथ काम करती हैं और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. विशाखा पंजानी इन दोनों ने मुझे बताया कि मेरी टीम द्वारा प्रस्तुत रचनाओं ने उनके मरीजों को शांत और संतुलित करने में मदद की है। मेरे लिए यह सबसे बड़ी मान्यता है।”

वह आगे कहते हैं,"कृष्णा’ सिर्फ एक शो नहीं है यह एक ताजी, आध्यात्मिक हवा की तरह है। यह मेरी विनम्र कोशिश है कि लोगों को संगीत-चिकित्सा की ऐसी खुराक मिले, जिसकी उन्हें जरुरत तो थी, पर शायद उन्होंने खुद महसूस नहीं किया था। मुझे उम्मीद है कि कोलकाता हमें खुले दिल से अपनाएगा और संगीत की इस उपचार करने वाली शक्ति को महसूस करेगा।”

जैसे-जैसे मानसिक सेहत को लेकर बात बढ़ रही है, अमेय डबली का काम हमें याद दिलाता है कि संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि इलाज भी हो सकता है जो दिलों को जोड़ता है, मन को शांत करता है और आत्मा को छूता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in