

सर्जना शर्मा
नयी दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 के भव्य उद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए महोत्सव का शुभारंभ किया। यह ऐतिहासिक अवसर दिल्ली को वैश्विक फिल्म हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान आईएफएफडी पर आधारित एक विशेष ऑडियो-विज़ुअल फिल्म प्रस्तुत की गई, जिसमें भारतीय सिनेमा की यात्रा तथा महोत्सव की परिकल्पना को प्रभावी रूप से दर्शाया गया।
इस अवसर पर रेड कार्पेट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गाला प्रीमियर और लाइव परफॉर्मेंस के माध्यम से भारतीय सिनेमा की समृद्ध परंपरा को भव्य रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही, समारोह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित कलाकारों को सम्मानित भी किया गया। इसके अतिरिक्त समारोह के अंत में उद्घाटन फिल्म ‘सीरत ” का भी प्रदर्शन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जब राजधानी वैश्विक सिनेमा के मंच पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सदियों से कला, संस्कृति और रचनात्मकता का केंद्र रही है और आईएफएफडी उसी विरासत का विस्तार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का नहीं, बल्कि सपनों, संवेदनाओं और कहानियों का उत्सव है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि सिनेमा वह माध्यम है जो भाषाओं और सीमाओं से परे जाकर दिलों को जोड़ता है और समाज को एक नई दृष्टि देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली अब वैश्विक सिनेमा के नक्शे पर अपनी जगह बना रही है और मुंबई, पुणे एवं गोवा जैसे प्रमुख फिल्म केंद्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है।
भारत मंडपम जैसे विश्वस्तरीय मंच पर दुनिया भर के कलाकारों और फिल्मकारों का एकत्र होना दिल्ली की विविधता का प्रतीक है। दिल्ली अब एक “क्रिएटिव कैपिटल” के रूप में उभर रही है, जहां कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाएगा और ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा ।साथ ही उन्होंने प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी, वरिष्ठ अभिनेत्री एवं जनप्रतिनिधि खुशबू सुंदर, सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर तथा प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत की गरिमामयी उपस्थिति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन दिल्ली को एक प्रमुख फिल्म शूटिंग एवं पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।
इस अवसर पर अभिनेता विवेक ओबेरॉय, अभिनेता अर्जुन कपूर, अभिनेत्री निमरत कौर, अभिनेता विक्की कौशल, अभिनेता अरविंद स्वामी, फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन, सुप्रसिद्ध निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा तथा अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की भव्यता और प्रतिष्ठा को और बढ़ाया। ये उत्सव 27 मार्च से 31 मार्च तक चलेगी दिल्ली के विभिन्न सिनेमाघरों में बेहतरीन फिल्में दिखायी जाएंगी।