मेरे करियर का हर दौर मेरे लिए बेहद खास रहा है : मोनालिसा

भोजपुरी स्टार से खास बातचीत
Bollywood
मोनालिसा
Published on

सबसे पहले के बताइए, कैसी हैं आप? और 'Love to Hate You' में अपने किरदार के बारे में कुछ बताइए ?

मैं बिल्कुल अच्छी हूं, धन्यवाद । 'Love to Hate You' वर्टिकल और हॉरिजॉन्टल दोनों फॉर्मेट में रिलीज़ हो रहा है। इसमें मेरा किरदार बेहद बोल्ड, कॉन्फिडेंट, क्लासी और बहुत स्मार्ट है। उसे अच्छी तरह पता है कि उसे क्या चाहिए और अपने मकसद को पाने के लिए वह लोगों को मैनीपुलेट करने से भी पीछे नहीं हटती। अगर कोई उसके रास्ते में आता है तो उसे जवाब देना भी उसे अच्छी तरह आता है।

जपुरी फिल्मों ने मुझे पहला मौका दिया, टेलीविजन ने मेरी पहुंच को और बढ़ाया

भोजपुरी फिल्मों से लेकर टेलीविजन, रियलिटी शोज़ और अब वेब सीरीज़ तक आपका सफर शानदार रहा है। इस यात्रा को आप कैसे देखती हैं ?

मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं। हर प्लेटफॉर्म ने मुझे प्यार और पहचान दी है। भोजपुरी फिल्मों ने मुझे पहला मौका दिया, टेलीविजन ने मेरी पहुंच को और बढ़ाया, रियलिटी शोज़ ने मुझे एक अलग दर्शक वर्ग से जोड़ा और अब वेब सीरीज़ मुझे नए और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाने का अवसर दे रही हैं। मेरे करियर का हर दौर मेरे लिए बेहद खास रहा है।

"...मेरा ध्यान सिर्फ अपने काम और परिवार पर रहा, किसी विवाद पर नहीं..."

इतने लंबे करियर के बावजूद आप बेवजह की विवादों से हमेशा दूर रही हैं। इसका क्या राज़ है ?

मैं हमेशा जानती थी कि इस इंडस्ट्री में मेरा मकसद सिर्फ अच्छा काम करना और अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना है। साल 2008 में 'दूल्हा अलबेला' की शूटिंग के दौरान मेरी मुलाकात विक्रांत से हुई और वहीं से हमारी प्रेम कहानी शुरू हुई। हम दोनों हमेशा अपने रिश्ते के प्रति ईमानदार रहे, इसलिए मेरा ध्यान सिर्फ अपने काम और परिवार पर रहा, किसी विवाद पर नहीं ।

मेरा मानना है कि सच्चाई और ईमानदारी की उम्र विवादों से कहीं ज्यादा लंबी होती है।

आजकल भोजपुरी इंडस्ट्री अक्सर विवादों की वजह से चर्चा में रहती है। इस पर आपकी क्या राय है ?

मुझे नहीं लगता कि विवाद पूरी इंडस्ट्री की पहचान हो सकते हैं। आज सोशल मीडिया और सुर्खियों में बने रहने की होड़ कई बार बेवजह के विवाद पैदा कर देती है। मेरा मानना है कि सच्चाई और ईमानदारी की उम्र विवादों से कहीं ज्यादा लंबी होती है। इसलिए मैंने हमेशा खुद के प्रति सच्चा रहने की कोशिश की है।

आपकी पहली फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। उस सफलता का आपके लिए कितना महत्व था ?

मेरे लिए वह सब कुछ था । मेरी पहली फिल्म 'कहां जइबा राजा नजरिया लड़ाई के' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। जब शुरुआत से ही लोगों का आशीर्वाद और भगवान का साथ मिल जाए, तो फिर सफलता के लिए किसी और पर निर्भर रहने की जरूरत महसूस नहीं होती।

करियर के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाना कितना मुश्किल होता है ?

यह आसान नहीं है। कई बार शूटिंग के दौरान अचानक मां की तबीयत खराब होने की खबर मिलती है, तो मन पूरी तरह वहीं चला जाता है। दूसरी तरफ घर की जिम्मेदारियां भी होती हैं। ऐसे समय में मैं और विक्रांत एक-दूसरे का पूरा साथ देते हैं। हमारे लिए परिवार हमेशा सबसे पहली प्राथमिकता रहा है।

मेरे लिए परिवार ही सब कुछ है। एक साल पहले मैंने अपने पिता को खो दिया और आज भी उनकी कमी हर दिन महसूस होती है।

आपने हमेशा अपने माता-पिता और सास-ससुर की देखभाल को प्राथमिकता दी है। परिवार आपके लिए क्या मायने रखता है ?

मेरे लिए परिवार ही सब कुछ है। एक साल पहले मैंने अपने पिता को खो दिया और आज भी उनकी कमी हर दिन महसूस होती है। मेरी मां की तबीयत काफी खराब रहती है और उन्हें लगातार देखभाल की जरूरत है। हमने उनके इलाज के लिए हर संभव कोशिश की है क्योंकि माता-पिता के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। उनका साथ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

"...चाहे माता-पिता कहीं भी रहें, उन्हें कभी यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वे अकेले या उपेक्षित हैं ।..."

जो लोग अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम में छोड़ देते हैं, उन्हें आप क्या संदेश देना चाहेंगी ?

मैं किसी को जज नहीं करना चाहती क्योंकि हर परिवार की परिस्थितियां अलग होती हैं। कई बार मजबूरियां भी होती हैं। लेकिन चाहे माता-पिता कहीं भी रहें, उन्हें कभी यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वे अकेले या उपेक्षित हैं। उन्हें प्यार, सम्मान और अपनापन मिलना सबसे जरूरी है ।

मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि लोग समझें कि हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी संघर्ष से गुजर रहा होता है।

लोग अक्सर आपसे फैमिली प्लानिंग और मां बनने को लेकर सवाल पूछते हैं। क्या आप इस पर कुछ कहना चाहेंगी?

हां, क्योंकि लोग बिना सच्चाई जाने बहुत कुछ कह देते हैं। उन्हें नहीं पता कि हमने कितनी बार आईवीएफ का सहारा लिया, कितने इंजेक्शन लगे, कितने हार्मोनल बदलावों से गुजरना पड़ा और यह सफर भावनात्मक रूप से कितना कठिन रहा। मैं यह बातें किसी की सहानुभूति पाने के लिए नहीं कह रही हूं। मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि लोग समझें कि हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी संघर्ष से गुजर रहा होता है। मुझे आज भी पूरा विश्वास है कि सही समय आने पर सब कुछ जरूर होगा।

मैं स्क्रीन पर नकारात्मक भूमिका निभाती हूं, इसका मतलब यह नहीं कि मैं असल जिंदगी में भी वैसी हूं

दर्शकों को आपके ग्रे और नेगेटिव किरदार बहुत पसंद आते हैं। क्या आपको ऐसे रोल निभाना पसंद है?

बिल्कुल। आज के दौर में ग्रे किरदार काफी पसंद किए जाते हैं क्योंकि उनमें कई परतें होती हैं। एक कलाकार के तौर पर मुझे उस किरदार पर पूरी तरह विश्वास करना पड़ता है। सिर्फ इसलिए कि मैं स्क्रीन पर नकारात्मक भूमिका निभाती हूं, इसका मतलब यह नहीं कि मैं असल जिंदगी में भी वैसी हूं। यही अभिनय की सबसे बड़ी खूबसूरती और चुनौती है।

क्या आप जल्द ही भोजपुरी फिल्मों में वापसी करने वाली हैं ?

फिलहाल मेरा पूरा ध्यान टेलीविजन और वेब शोज़ पर है। लेकिन अगर भविष्य में कोई अच्छी भोजपुरी फिल्म का प्रस्ताव मिलता है, तो मैं जरूर करना चाहूंगी। साथ ही मैं और भी वर्टिकल वेब सीरीज़ कर रही हूं और उम्मीद है कि जल्द ही किसी रियलिटी शो में भी वापसी होगी।

'Love to Hate You' के बारे में कुछ बताइए ?

यह एक मनोरंजक ड्रामा है जिसमें इमोशन्स, रोमांस, कई ट्विस्ट और सस्पेंस देखने को मिलेगा। मेरा किरदार कहानी में काफी रोमांच जोड़ता है। उम्मीद है कि दर्शकों को यह सीरीज़ उतनी ही पसंद आएगी, जितना हमें इसे बनाने में मजा आया।

मेरे लिए सिर्फ प्यार ही मायने रखता है

आपके लिए प्यार और नफरत का क्या मतलब है ?

मेरे लिए सिर्फ प्यार ही मायने रखता है। मैं किसी के लिए मन में नफरत नहीं रखती। मुझे अपने फैंस, परिवार और साथ काम करने वाले लोगों से हमेशा बहुत प्यार मिला है और मैं वही प्यार सबको लौटाना चाहती हूं।

आखिर में, अपने प्रशंसकों के लिए क्या संदेश देना चाहेंगी?

मेरे पूरे सफर में मुझे इतना प्यार और समर्थन देने के लिए आप सभी का दिल से धन्यवाद। कृपया Love to Hate You ज़रूर देखिए, जो हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार AllRight TV पर प्रसारित होगा। अपना प्यार और आशीर्वाद हमेशा बनाए रखिए। मुझे पूरा विश्वास है कि आपको यह शो जरूर पसंद आएगा। धन्यवाद ! -लिपिका वर्मा

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in