

आज हम बात कर रहे हैं रिह्या अहीर से, जो Gen Z की एक युवा महिला हैं और हाल ही में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस वाहन के सामने खड़े होकर उसे रोकने के बाद सुर्खियों में आईं। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी समर्थन मिला, लेकिन साथ ही उन्हें आलोचनाओं और ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।
इस खास बातचीत में रिह्या ने अपने परिवार, थिएटर के सफर, ट्रोलिंग से निपटने, देशभक्ति और नागरिक जिम्मेदारी को लेकर अपने विचारों, राजनीति में रुचि और बिग बॉस 20 में संभावित एंट्री को लेकर खुलकर बात की।
सबसे पहले अपने बारे में बताइए। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन के सामने खड़े होने की घटना के बाद आपको काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा । वह दौर आपके लिए कितना मुश्किल था ?
रिह्या अहीर : हर नकारात्मक टिप्पणी किसी न किसी तरह से आपको प्रभावित करती है। कुछ टिप्पणियां दूसरों से ज्यादा दुख पहुंचाती हैं। शुरुआत में लोगों ने कहना शुरू कर दिया था कि, “उसने खाली वैन रोक दी थी,” “उसमें कोई ड्राइवर नहीं था,” और कुछ लोगों ने तो यह भी कहा कि पूरी घटना स्क्रिप्टेड थी । सच कहूं तो मुझे यह काफी अजीब लगा। मैं पेशे से मॉडल हूं और लगभग 13 वर्षों से थिएटर से जुड़ी हूं। अगर मुझे कोई स्क्रिप्टेड चीज करनी होती, तो मैं यूं ही एक हुडी पहनकर किसी वाहन के सामने खड़ी नहीं हो जाती! मुझे पता है कि खुद को कैसे प्रस्तुत करना है और मैं परफॉर्मेंस को अच्छी तरह समझती हूं। लेकिन समय के साथ मैंने यह समझ लिया कि लोगों की राय हमेशा रहेगी। आप अनजान और बिना पहचान वाले लोगों की नकारात्मकता को यह तय नहीं करने दे सकते कि आप कौन हैं। आखिरकार, आपको खुद पर और अपनी नीयत पर भरोसा रखना होता है।
आपने बहुत कम उम्र में थिएटर शुरू किया था। आपका यह सफर कैसे शुरू हुआ?
रिह्या : मैंने लगभग साढ़े चार साल की उम्र में एकजुट थिएटर ग्रुप ज्वाइन किया था। बहुत कम उम्र में मुझे पृथ्वी थिएटर के मंच पर परफॉर्म करने का मौका मिला और उसके बाद मैंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मुझे लगता है कि मैं हमेशा से जानती थी कि मुझे क्या करना है। बचपन से ही मेरी कोशिश रही है कि मैं खुद के प्रति सच्ची रहूं, अपने नैतिक मूल्यों को बनाए रखूं और उसी रास्ते पर चलूं, जिस पर मेरा विश्वास हो। मुझे वाघा-अटारी बॉर्डर पर भी परफॉर्म करने और वहां सम्मानित होने का अवसर मिला। मैंने ऑपरेशन क्लाउडबर्स्ट नाम का एक नाटक भी किया, जो असम की एक महिला और उसकी छोटी बेटी की जिंदगी तथा उनके कठिन हालात की एक बेहद प्रभावशाली कहानी थी। थिएटर ने मुझे सिर्फ एक कलाकार के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान के रूप में भी बहुत कुछ सिखाया है।
अक्सर Gen Z को बहुत ज्यादा भावुक या संवेदनशील कहा जाता है, लेकिन आपकी सोच कुछ अलग लगती है। आप अपनी पीढ़ी को कैसे देखती हैं?
रिह्या : मुझे अपनी पीढ़ी बहुत पसंद है। लोग अक्सर कहते हैं कि Gen Z बहुत ज्यादा भावुक या संवेदनशील है, लेकिन मैं कहूंगी कि हम भावनात्मक रूप से सक्रिय हैं। हम चीजों को गहराई से महसूस करते हैं, लेकिन उन भावनाओं को किसी सार्थक काम में बदलने की भी कोशिश करते हैं। हम योगदान देना चाहते हैं, कुछ नया बनाना चाहते हैं, इनोवेशन करना चाहते हैं और बदलाव लाना चाहते हैं। यही कारण है कि आज इतने युवा बिजनेस शुरू कर रहे हैं, स्टार्टअप बना रहे हैं और एक-दूसरे को सपोर्ट कर रहे हैं। जब मैं उस वाहन के सामने खड़ी हुई थी, तब मेरा वहां मौजूद किसी व्यक्ति से कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं था। मैं किसी को जानती भी नहीं थी। मुझे बस लगा कि उस समय मैं जो कर सकती हूं, मुझे करना चाहिए। मेरे लिए यही नागरिक जिम्मेदारी है। अगर हर व्यक्ति सिर्फ अपने बारे में सोचेगा, तो समाज आगे नहीं बढ़ सकता। असली प्रगति तभी होती है, जब हम एक-दूसरे के साथ आगे बढ़ें और एक-दूसरे की जिम्मेदारी महसूस करें।
आपके लिए व्यक्तिगत रूप से देशभक्ति का क्या मतलब है?
रिह्या : मेरे लिए देशभक्ति का मतलब अपने देश और उसके लोगों से प्यार करना है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप खुद को किसी और से श्रेष्ठ समझें। देशभक्ति का मतलब है कि आप अपने देश और अपने आसपास के लोगों को आगे बढ़ते हुए देखना चाहते हैं। जब सरकार कोई अच्छा काम करती है, तो हमें उसकी सराहना करनी चाहिए। जब हमारे आसपास कोई व्यक्ति सफल होता है, तो हमें उसे प्रोत्साहित करना चाहिए। मेरे लिए देशभक्ति प्यार, संवेदनशीलता और प्रोत्साहन है। यह सच्चे दिल से चाहना है कि हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान हो और सभी को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
आपकी बिग बॉस 20 में संभावित एंट्री को लेकर काफी चर्चा हो रही है। क्या आप इसके लिए तैयारी कर रही हैं?
रिह्या : मैं बिग बॉस में जाऊंगी या नहीं, यह आखिरकार मेरे फैंस के समर्थन और फैसले पर निर्भर करेगा, जिन्हें मैं अपने फैंस नहीं बल्कि अपना परिवार कहना पसंद करती हूं। मुझे जो प्यार और समर्थन मिला है, वह सच में बहुत खास है। लोग सुबह उठकर मुझे मैसेज करते हैं और कहते हैं कि उन्होंने उठते ही मेरे लिए वोट किया। अलग-अलग समुदायों के लोगों को एक साथ आकर मुझे सपोर्ट करते देखना बहुत खूबसूरत अनुभव रहा है। अगर मैं घर में जाती हूं, तो मेरी कोई खास रणनीति नहीं होगी। मेरी एकमात्र रणनीति यही होगी कि मैं जैसी हूं, वैसी ही रहूं।
बिग बॉस का माहौल भावनात्मक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होता है। लगातार लोगों के बीच जज किए जाने के लिए क्या आप खुद को तैयार मानती हैं?
रिह्या : सच कहूं तो मैंने इसके बारे में बहुत ज्यादा सोचने की कोशिश नहीं की है। जब आपको लगातार जज किया जाता है या ट्रोल किया जाता है, तो कई सवाल आपके मन में आते हैं। आप सोचते हैं कि क्या आप दबाव संभाल पाएंगे या किसी समय उस दबाव के आगे हार मान लेंगे। हाल ही में मैंने एक बात सुनी, जो मेरे दिल में बस गई-“अपनी खूबसूरती पर विश्वास रखो।” यह बात मेरे दिल को बहुत गहराई से छू गई। इसने मुझे याद दिलाया कि मुझे खुद पर विश्वास रखना है और अपने व्यक्तित्व के प्रति सच्चा रहना है। सार्वजनिक जीवन में कई मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद मैंने हमेशा अपनी गरिमा, ईमानदारी और संयम बनाए रखने की कोशिश की है। मेरा मानना है कि मैं जहां भी जाऊंगी, इन्हीं चीजों को अपने साथ लेकर जाऊंगी।
अगर आपको मौका मिले, तो क्या आप भविष्य में राजनीति में जाना चाहेंगी ?
रिह्या : हां, मैं निश्चित रूप से इस बारे में सोचूंगी। मेरे लिए राजनीति लोकतंत्र में भाग लेने और बदलाव लाने का एक शक्तिशाली माध्यम है। देश को आकार देने वाली प्रक्रिया का हिस्सा बनना बहुत सुंदर और सार्थक बात है। वास्तव में, पिछले दो वर्षों से मैं अपने दोस्तों से कहती आ रही हूं कि मैं एक दिन राजनीति में जरूर जाना चाहूंगी।
आखिर में, आप युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगी?
रिह्या : खुद पर विश्वास रखिए। अपने मूल्यों और अपनी पहचान के प्रति सच्चे रहिए। लोगों की राय हमेशा रहेगी। लोग आपकी आलोचना करेंगे, आपको जज करेंगे और आपसे सवाल करेंगे। जीवन में चुनौतियां भी हमेशा आएंगी। लेकिन कभी भी दूसरों की आवाज को अपनी आवाज से ज्यादा शक्तिशाली मत बनने दीजिए। अगर आप वास्तव में कुछ करना चाहते हैं, तो उसके लिए मेहनत कीजिए। आपके जीवन में कई सपने हो सकते हैं-और यह बिल्कुल ठीक है। सबसे जरूरी बात यह है कि आप खुद पर विश्वास रखें, अपने मूल्यों से जुड़े रहें और उस व्यक्ति बनने के लिए लगातार काम करते रहें जो आप बनना चाहते हैं। -लिपिका वर्मा