टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर बोले मनोज बाजपेयी, इंडस्ट्री हमेशा सॉफ्ट टारगेट रही है

फिल्म जगत हमेशा से रहा है ‘सॉफ्ट टारगेट’: मनोज बाजपेयी, टाइगर श्रॉफ के सुरक्षित बचने पर जताई राहत
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर बोले मनोज बाजपेयी, इंडस्ट्री हमेशा सॉफ्ट टारगेट रही है
Published on: 

बॉलीवुड हस्तियों को हाल में मिल रही धमकियों को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए अभिनेता मनोज बाजपेयी ने बुधवार को कहा कि फिल्म उद्योग हमेशा से ‘सॉफ्ट टारगेट’ रहा है। उन्होंने गोलीबारी की घटना में टाइगर श्रॉफ के सुरक्षित बचने पर राहत भी जताई।

बाजपेयी ने पीटीआई से कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है और राहत की बात है कि टाइगर सुरक्षित हैं और ठीक हैं। उनके ड्राइवर की हालत में भी सुधार हो रहा है। फिलहाल, हमारे पास कहने के लिए इससे ज्यादा कुछ नहीं है, क्योंकि जांच जारी है। देखते हैं कि आगे क्या होता है।”

रविवार को मुंबई के उपनगरीय जुहू इलाके में बंदूकधारियों ने टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए थे।

फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी और अभिनेता सलमान खान को हाल में मिली सुरक्षा संबंधी धमकियों पर बाजपेयी ने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियां स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कदम उठा रही हैं। उन्होंने कहा, “फिल्म उद्योग हमेशा से सॉफ्ट टारगेट रहा है। लेकिन मैं सिर्फ इतना कहना चाहूंगा कि हम कानून के विशेषज्ञ नहीं हैं। पुलिस विभाग सख्त कदम उठा रहा है और हमें इस पर कोई संदेह नहीं है।” उनसे पूछा गया था कि क्या फिल्म जगत में 1990 के दशक के आखिरी वर्षों और 2000 के शुरुआती दौर जैसी स्थिति लौट रही है, जब फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियां चिंता का विषय बनी हुई थीं।

सुरक्षा संबंधी धमकियों के मनोवैज्ञानिक असर के बारे में पूछे जाने पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता ने माना कि लगातार बने रहने वाले खतरे का माहौल सभी को प्रभावित करता है। बाजपेयी ने कहा, “इसका निश्चित रूप से हर व्यक्ति पर असर पड़ता है, क्योंकि आप खुद को असहाय महसूस करते हैं।”

बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘गजब रात’ के प्रचार में जुटे हैं। रितेश शाह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नीरज पांडे के बैनर फ्राइडे स्टोरीटेलर्स ने किया है। फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in