लखनऊ की पिच पर बरसे जहीर खान

जहीर ने पिच पर निकाली भड़ास
 लखनऊ की पिच पर बरसे जहीर खान
Published on: 

लखनऊ : तीन मैचों में से दो हार चुकी लखनऊ सुपर जाइंट्स टीम के मेंटोर जहीर खान ने पंजाब किंग्स से मिली पराजय के बाद इकाना स्टेडियम की पिच पर भड़ास निकालते हुए कहा कि ऐसा लग रहा था कि पंजाब के क्यूरेटर ने इसे तैयार किया है। असमान उछाल वाली पिच पर 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह के 34 गेंद में 69 रन की मदद से आठ विकेट से जीत दर्ज की। जहीर ने मैच के बाद कहा, ‘मैं इसलिये थोड़ा निराश हूं कि यह घरेलू मैच था और आईपीएल में आपने देखा है कि टीमों को घरेलू मैदानों पर खेलने का फायदा मिलता है।’ उन्होंने कहा, ‘इस लिहाज से मुझे लगता है कि क्यूरेटर ने यह नहीं सोचा कि यह घरेलू मैच है। ऐसा लग रहा था कि पंजाब के क्यूरेटर यहां थे।’

लखनऊ सुपर जाइंट्स से जुड़ने से पहले मुंबई इंडियंस के क्रिकेट विकास वैश्विक प्रमुख रहे जहीर ने कहा कि इस वजह से घरेलू प्रशंसकों को अपनी टीम को जीतते देखने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा, ‘इस पर बात करनी होगी। मेरे लिये यह नयी टीम है लेकिन उम्मीद है कि आगे से किसी मैच में ऐसा नहीं होगा क्योंकि आप अपने प्रशंसकों को भी निराश कर रहे हैं। वे यहां पहला घरेलू मैच जीतते देखने की उम्मीद लेकर आये थे।’ उन्होंने कहा कि हार के बावजूद उनका फोकस नतीजों की बजाय प्रक्रिया पर रहेगा। उन्होंने कहा, ‘यह सत्र का तीसरा मैच है और हमने अक्सर बोला है कि टीम इस सत्र में कैसी है।

हम प्रक्रिया पर फोकस कर रहे हैं, नतीजों पर नहीं। हमें कुछ पहलुओं पर काम करना होगा।’ भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों की चोटों को लेकर वह चिंतित नहनीं है और अच्छी बात यह है कि हार के बावजूद टीम ने प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने कहा,‘कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं लेकिन हमारी टीम ने इस सत्र में सर्वाधिक विकेट लिये हैं। पहले दो मैचों में हमने 18 विकेट चटकाये। इस टीम ने अपनी छाप छोड़ी है। आप टीम में लीक से हटकर सोच, जुझारूपन , जीत की भूख देखना चाहते हैं और हम प्रशंसकों को यही देना चाहते हैं।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in