अल अमेरात (ओमान) :
सलामी बल्लेबाजों लक्ष्य रायचंदानी (80) और आर्यवीर सहवाग (58) के अर्धशतकों के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) के बीच नौवें विकेट की 57 रन की साझेदारी से भारत ने बेहद रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर एक विकेट से हराकर नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया।पाकिस्तान के 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर के बीच पहले विकेट की 95 रन की साझेदारी से एक विकेट पर 146 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी। हालांकि इसके बाद 42वें ओवर तक पाकिस्तान ने भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन कर दिया। मोहित ने इसके बाद मनल के साथ मिलकर भारत को वापसी दिलाई और अहमद हुसैन की मैच की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर भारत को नौ विकेट पर 339 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी। मनल ने 32 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के मारे जबकि मोहित ने 26 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के जड़े।
पाकिस्तान ने बनाया अच्छा स्कोर
पाकिस्तान ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक और अब्दुल कादिर (80) के साथ उनकी 18 ओवर में 135 रन की साझेदारी की बदौलत 9 विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 गेंद में 60 रन की पारी खेली। भारत की ओर से तेज गेंदबाज काव्य पटेल ने 68 रन पर चार जबकि सी वेंकट ने 40 रन देकर तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को कप्तान रायचंदानी और आर्यवीर ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। आर्यवीर ने हाथ में गेंद लगने के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और रिजवानुल्लाह (53 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। आर्यवीर हालांकि निकाब शफीक (57 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उस्मान खान को कैच दे बैठे। उन्होंने 61 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे। रायचंदानी ने इसके बाद वीके विनीत (24) के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। कप्तान ने हसनैन अब्बास डार की गेंद पर एक रन के साथ 72 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। रिजवानुल्लाह ने विनीत को उस्मान के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा और फिर अर्जुन राजपूत (16) को भी विकेटकीपर हमजा जहूर के हाथों कैच कराया। डार ने यशबर्धन चौहान (09) की पारी का अंत किया जबकि रायचंदानी और अन्वय द्रविड़ (19) के विकेट लगातार गेंदों पर गंवाने से भारत संकट में घिर गया। रायचंदानी ने 101 गेंद का सामना करते हुए 5 चौके मारे।
10 ओवर में चाहिए थे 90 रन
भारत को अंतिम 10 ओवर में 90 रन की दरकार थी। आर्यन सवसानी (09) और काव्य (00) भी अधिक देर नहीं टिक सके। मनल और मोहित ने इसके बाद भारत को वापसी दिलाई। मनल ने मोहम्मद सैयम पर दो छक्के मारे जबकि मोहित ने रिजवानुल्लाह की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। मोहित ने अली रजा पर भी छक्का जड़ा। निकाब ने मनल को उस्मान के हाथों कैच कराके भारत को बड़ा झटका दिया लेकिन मोहित ने सी वेंकट (नाबाद 11) के साथ मिलकर भारत को खिताब दिला दिया। इससे पहले उस्मान ने अपने सलामी जोड़ीदार हयाम खान (21) के साथ महज 8.1 ओवर में 62 रन की तेज साझेदारी की। उस्मान ने 106 गेंद में शतक पूरा किया और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कादिर के साथ मिलकर बीच के ओवरों में दबदबा बनाया। कादिर ने महज 54 गेंद में 80 रन बनाए और 39 गेंद में अपना पहला युवा एकदिवसीय अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर मनल चौहान और ऑफ स्पिनर यशवर्धन चौहान की गेंदों पर लगातार दो छक्के भी जड़े।कादिर की आक्रामक पारी का अंत तब हुआ जब अर्जुन राजपूत की गेंद पर उनका ड्राइव कवर पर खड़े वीके विनीत के हाथों में चला गया। उस्मान भी इसके बाद अधिक देर तक नहीं टिक सके। तेज गेंदबाज काव्या पटेल की गेंद पर शॉर्ट मिड ऑफ पर राजपूत ने उनका कैच लपका। पाकिस्तान का स्कोर 36 ओवर के बाद तीन विकेट पर 240 रन था और टीम ने भारत के खिलाफ बड़े स्कोर की मजबूत नींव रख दी थी। कप्तान फरहान यूसुफ ने 63 गेंद में 60 रन की पारी खेलकर पाकिस्तान को 300 रन के पार पहुंचाया।