सूर्यवंशी फिर साबित हुए धुरंधर

रॉयल्स ने RCB को छह विकेट से हराया
Suryvanshi
फाइल फोटोManvender Vashist Lav
Published on

गुवाहाटी : भारतीय क्रिकेट के ‘धुरंधर’ सूर्यवंशी के 26 गेंद में 78 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने IPL के मैच में शुक्रवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा। उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई। ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर ‘फिनिशर’ की भूमिका बखूबी निभाई।

रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने 78 रन की अपनी पारी में 74 रन 15 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों के साथ बनाये।

जुरेल और सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिये 6.1 ओवर में 108 रन जोड़े। जुरेल ने अभिनंदन को खासी नसीहत देते हुए उनके एक ओवर में 24 रन बनाये। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं। इससे पहले रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच आठ विकेट पर 201 रन बनाये। पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला।

चैंपियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैंपियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए। आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने। मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया।

साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए। कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए । इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। बिश्नोई ने कृणाल पांड्या का भी विकेट लिया। वहीं बंगाल प्रीमियर लीग T-20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा। उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया।पिछले साल केकेआर के लिये काफी महंगे बिके वेंकटेश को इंपैक्ट सब के तौर पर भेजना पड़ा और उन्होंने तेजी से रन भी बनाये। लेकिन इसके लिये आरसीबी ने लेग स्पिनर सुयश शर्मा को बाहर रखा जो बिश्नोई की तरह उपयोगी साबित हो सकते थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in