द. अफ्रीका दौरे पर जायेगी भारतीय महिला टीम

दिसंबर में एक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जायेंगे
द. अफ्रीका दौरे पर जायेगी भारतीय महिला टीम
Published on

जोहानिसबर्ग : क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय महिला टीम इस साल के आखिर में दक्षिण अफ्रीका के दौरे में एक टेस्ट और तीन वनडे मैच की सीरीज खेलेगी। CSA ने कहा कि टेस्ट मैच 20 से 23 दिसंबर तक गकेबरहा में खेला जाएगा। वनडे मैच नौ से 15 दिसंबर तक पोटचेफस्ट्रूम, ब्लोमफोंटेन और केपटाउन में खेले जाएंगे।

CSA ने बयान में कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका की टीम 9 से 15 दिसंबर तक ICC महिला चैंपियनशिप (IWC) की तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत का सामना करेगी। सीरीज का पहला मैच पोटचेफस्ट्रूम के जेबी मार्क्स ओवल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मैच ब्लोमफोंटेन के मंगाउंग ओवल और न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में होगा।’

बयान के अनुसार, ‘भारतीय टीम के इस दौरे में 20 से 23 दिसंबर तक गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में खेला जाने वाला एक टेस्ट मैच भी शामिल होगा। दोनों देशों के बीच यह चौथा टेस्ट मैच होगा।’ CSA ने इसके साथ ही बताया कि ऑस्ट्रेलिया 18 मार्च से 11 अप्रैल, 2027 तक दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा, जिसमें तीन T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच, इतने ही वनडे मैच और एक टेस्ट मैच खेला जाएगा।

T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 18 से 23 मार्च तक किम्बरली, बेनोनी और कुगोम्पो सिटी में जबकि वनडे मैच 27 मार्च, 31 मार्च और तीन अप्रैल को गकेबरहा, पार्ल और डरबन में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया इस दौरे के आखिर में आठ से 11 अप्रैल तक जेबी मार्क्स ओवल में एकमात्र टेस्ट मैच भी खेलेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in