भारतीय महिला टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया

एशिया कप जीत के बाद भी भारतीय महिला टीम ने एसीसी अध्यक्ष और पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर विवाद को नया मोड़ दे दिया
भारत पाकिस्तान एशिया कप ट्रॉफी विवाद
फाइल फोटो
Published on

दुबई : एशिया कप ट्रॉफी को लेकर गतिरोध लगातार दूसरे साल भी जारी रहा जब खिताब जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के नेता मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने यहां श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीता। खिताबी जीत के बाद हालांकि पुरस्कार वितरण समारोह के लिए भारतीय खिलाड़ी मैदान पर नहीं आईं।

पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने भी नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी और पदक लेने से इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष भी हैं। भारतीय टीम को अभी तक वह एशिया कप ट्रॉफी नहीं मिली है, जिसे बाद में ACC के कार्यालय में रखा गया था। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पिछले साल ट्रॉफी के बिना ही मंच पर जश्न मनाया था। इस बार BCCI सचिव देवजीत सैकिया द्वारा नंदनी शर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पदक दिए जाने के बाद भी भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी पुरस्कार वितरण समारोह के लिए मैदान पर नहीं लौटीं।

श्रीलंकाई टीम ने नकवी से उपविजेता का चेक स्वीकार किया। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट के अंतरिम प्रमुख एरान विक्रमरत्ने ने टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को पदक प्रदान किए। नकवी ने श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू को पुरस्कार प्रदान करने के बाद तुरंत स्टेडियम छोड़ दिया। पिछले साल के विपरीत इस बार वह हालांकि ट्रॉफी अपने साथ लेकर नहीं गए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in