भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 38 रन से हराया

नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद फिर इंग्लैंड को आठ विकेट पर 150 रन पर रोक दिया।
भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 38 रन से हराया
Published on

चेम्सफोर्ड : जेमिमा रोड्रिग्स (69) और यास्तिका भाटिया (54) के शानदार अर्द्धशतकों के बाद पदार्पण कर रही तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा (34 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को 38 रन से हराकर तीन मैचों की महिला T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम ने खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बाद फिर इंग्लैंड को आठ विकेट पर 150 रन पर रोक दिया। बारह जून से शुरू होने वाले T-20 विश्व कप से पहले यह भारत की अंतिम सीरीज है। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गई, जबकि उनकी सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा भी महज दो रन बनाकर पवेलियन लौटी।

इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल ने शुरुआती झटके देकर भारत को दबाव में ला दिया। रोड्रिग्स और यास्तिका ने इसके बाद शानदार पलटवार किया। जेमिमा की 40 गेंद में 69 रन की तेजतर्रार पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा। दो साल बाद T-20 टीम में वापसी कर रहीं यास्तिका ने T-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्द्धशतक जड़ा। उन्होंने 40 गेंद पर 54 रन की पारी के दौरान 9 चौके और एक छक्का लगाया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए महज 76 गेंद में 126 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को मजबूती दी। घुटने की सर्जरी के बाद वापसी कर रहीं यास्तिका ने केवल 31 गेंद में अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जबकि जेमिमा ने भी इतनी ही गेंद पर पचासा जड़ा। चार्ली डीन ने यास्तिका को रन आउट करने के बाद उसी ओवर में जेमिमा को चलता कर इंग्लैंड को कुछ राहत दिलाई।

ऋचा घोष (चार) और भारती फूलमाली (सात) जल्दी आउट हो गईं, जिससे भारत की रनगति कुछ धीमी पड़ी। दीप्ति शर्मा ने 13 गेंदों पर नाबाद 22 रन और अरुंधति रेड्डी (नाबाद नौ) ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी। सोफिया डंकली (16) और एलिस कैप्सी (छह) पहले चार ओवरों के भीतर आउट हो गईं। एमी जोन्स ने 48 गेंद में 67 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया और हीदर नाइट (21) के साथ 64 रन की साझेदारी निभाई। नाइट ने इस मुकाबले से इंग्लैंड महिला टीम के लिए सभी प्रारूपों में सर्वाधिक 310 मैच खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने चार्लोट एडवर्ड्स को पीछे छोड़ा।

पदार्पण कर रहीं 24 वर्षीय तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने 16वें ओवर में एमी जोन्स को आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर डैनी गिब्सन (शून्य) को पवेलियन भेज दिया। उन्होंने इसके बाद वोंग (चार) को भी चलता किया। क्रांति गौड़ ने दो विकेट झटके, जबकि श्री चरणी और दीप्ति शर्मा को एक-एक सफलता मिली। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जेमिमा रोड्रिग्स ने पुरस्कार समारोह में कहा, 'इस सफलता श्रेय काफी हद तक यास्तिका को जाता है। उन्होंने मुझ पर दबाव हावी नहीं होने दिया और हमारी साझेदारी बेहद अहम रही।’ उन्होंने कहा, ‘हमने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझकर बल्लेबाजी की।मैं क्षेत्ररक्षकों के बीच गैप ढूंढ़कर रन बनाने की कोशिश करती हूं। मैं अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा करती हूं।’ T-20 विश्व कप से पहले टीम संयोजन तय करने के लिहाज से यह श्रृंखला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in