पाकिस्तान के सामने 171 रन का लक्ष्य

स्मृति मंधाना के 68 रन और हरमनप्रीत कौर की जिम्मेदार पारी से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ T-20 महिला विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया, 171 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य सामने रखा
पाकिस्तान के सामने 171 रन का लक्ष्य
Jacob King
Published on: 

बर्मिंघम : सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्द्धशतक से भारत ने ICC T-20 महिला विश्व कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 170 रन बनाए। यह भारत का T-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर है। स्मृति ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 44 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की। ऋचा घोष ने अंत में 17 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से 34 रन की पारी खेली। उन्होंने दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 45 रन की तेजतर्रार साझेदारी भी की।

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 33 जबकि बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ने 41 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रमीन शमीन (30 रन पर एक विकेट) और तस्मिया रुबाब (41 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में 18 रन तक ही सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा (06) और जेमिमा रोड्रिग्स (01) के विकेट गंवा दिए। शैफाली ने सादिया की मैच की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर मुनीबा अली को कैच दे बैठीं।

जेमिमा भी इसके बाद रुबाब की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच दे बैठीं। स्मृति हालांकि अच्छी लय में नजर आईं। उन्होंने सादिया पर दो चौके मारे और फिर रमीन पर भी लगातार दो चौके जड़े। भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 38 रन बनाए। स्मृति 27 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब रुबाब की गेंद पर मिड ऑफ पर आलिया रियाज उनका कैच लपकने में नाकाम रहीं। हरमनप्रीत ने धीमी शुरुआत के बाद नौवें ओवर में नाशरा संधू पर दो चौकों के साथ टीम के रनों का अर्द्धशतक पूरा किया। स्मृति ने भी रुबाब की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया और फिर संधू पर भी चौका मारा। उन्होंने रमीन पर लगातार दो चौके के साथ 34 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया।

पारी के 13वें ओवर में स्मृति को दूसरा जीवनदान मिला जब उन्होंने सादिया की गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर बड़ा शॉट खेला लेकिन सायरा जबीन कैच लपकने में नाकाम रहीं और गेंद छक्के के लिए चली गई। हरमनप्रीत ने इसी ओवर में लगातार दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। स्मृति हालांकि अगले ओवर में रमीन की गेंद पर मिड ऑन पर फातिमा सना को कैच दे बैठीं। भारती फुलमाली भी एक रन बनाने के बाद सादिया की गेंद पर मुनीबा के हाथों स्टंप हो गईं। हरमनप्रीत ने भी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फातिमा की गेंद को डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर नतालिया के हाथों में खेल दिया। ऋचा ने 19वें ओवर में रुबाब की लगातार गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 23 रन बटोरे और टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in