इस छोरे को देख पाकिस्तानियों ने भी लगाए 'सहवाग-सहवाग' के नारे
नयी दिल्ली : भारत की अंडर-19 एशिया कप जीत के नायक आर्यवीर सहवाग ने अपने गर्वित पिता वीरेंद्र सहवाग के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान खुलासा किया कि ओमान में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक फाइनल में प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें विरोधी टीम के प्रशंसकों का भी समर्थन मिला। आर्यवीर को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की एक विकेट की रोमांचक जीत के बाद टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने भारत के खिताबी अभियान में तीन अर्धशतक और एक शतक बनाया जिसमें 160 रन की पारी भी शामिल है। उन्होंने दबाव भरे फाइनल में भी 61 गेंद पर 58 रन बनाए।प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत जिस अंदाज में आई उससे मैदान पर भावनाएं चरम पर थीं और कुछ खिलाड़ियों ने जीत का जश्न भी काफी आक्रामक अंदाज में मनाया।भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। ऐसे में मोहित उल्वा ने शानदार संयम और कौशल का परिचय देते हुए वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। सोशल मीडिया पर पिता द्वारा साझा किए गए वीडियो कॉल में आर्यवीर ने बताया कि जब मोहित उल्वा और मनल चौहान ने लगभग असंभव दिख रही स्थिति से मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर पहुंचाया तो वह लगातार ‘सीता राम’ का जाप कर रहे थे।

