ICC T-20 World Cup : श्रीलंका ने कटाया सुपर-8 का टिकट

ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर
ICC T-20 World Cup : श्रीलंका ने कटाया सुपर-8 का टिकट
Eranga Jayawardena
Published on

पालेकल : पथुम निसांका की नाबाद शतकीय पारी से श्रीलंका ने ICC T-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप B मैच में सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हरा कर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर ली। ऑस्ट्रेलिया को 181 रन पर आउट करने के बाद श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। तीन मैच में दूसरी हार साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर आठ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गयी। श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज निसांका ने 52 गेंद में नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। कुसल मेंडिस ने 38 गेंद में 51 रन का योगदान दिया।

इससे पहले कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के विस्फोटक अर्द्धशतक के दम पर मजबूत शुरुआत करने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया आखिरी गेंद पर 181 रन पर सिमट गया।चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए मार्श ने वापसी करते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और 27 गेंद में 54 रन ठोक डाले। हेड ने भी 29 गेंद में 56 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों ने मिलकर नौ ओवर से कम समय में 104 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को 200 से अधिक के स्कोर की राह पर ला खड़ा किया।श्रीलंका के गेंदबाजों ने हालांकि आखिरी 10 ओवरों में शानदार वापसी की। लेग स्पिनर दुशान हेमंथा (चार ओवर में 37 रन पर तीन विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी चार विकेट महज छह रन के अंदर गंवा दिये।

पहले गेंदबाजी करने का श्रीलंका का फैसला शुरुआत में गलत साबित हुआ। मार्श और हेड ने चौकों-छक्कों की झड़ी लगाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जिम्बाब्वे से 23 रन की हार के बाद उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दुष्मंथा चमीरा (36 रन पर दो विकेट) के पहले ही ओवर में 16 रन बटोर लिए। मार्श ने बैकफुट से ऑफ साइड में शानदार शॉट लगाकर अपने इरादे जाहिर किए, जबकि हेड ने शॉर्ट पिच गेंद पर पर चौका जड़ा। मार्श ने मिडविकेट के ऊपर छक्का लगाकर दबाव बढ़ाया। हेड ने महीश तीक्षणा के खिलाफ दो चौके जड़कर रनगति बरकरार रखी। श्रीलंका को तीसरे ओवर में बड़ा झटका लगा जब 23 वर्षीय तेज गेंदबाज मथीश पथिराना मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़कर बाहर चले गए और दासुन शनाका को ओवर पूरा करना पड़ा।

शनाका की पहली ही गेंद पर हेड ने चौका जड़ा और फिर डीप स्क्वायर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आक्रमण जारी रखा। मार्श ने तीक्षणा के एक ओवर में लगातार पांच चौके जड़ते हुए पावरप्ले में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना नुकसान 70 रन तक पहुंचा दिया। कप्तान शनाका ने रनगति पर अंकुश लगाने के लिए लेग स्पिनर हेमंथा को गेंद थमाई, लेकिन हेड ने उनका स्वागत छक्का और चौके से किया। अगले ओवर में मार्श ने दुनिथ वेलालगे पर चौका और छक्का लगाकर टीम का शतक पूरा किया। इसके बाद हालांकि ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई। 104 रन बिना नुकसान से टीम 130 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में आ गई और फिर उबर नहीं सकी। ग्लेन मैक्सवेल ने 15 गेंद में 22 रन बनाए, लेकिन पथुम निसांका ने प्वाइंट पर शानदार कैच लपक कर उन्हें पवेलियन भेजा। जोश इंग्लिस ने 22 गेंद में 27 रन का योगदान दिया पर शुरुआती 10 ओवर में जो स्कोर 200 रन के पार जाता दिख रहा था वह 181 पर थम गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in