जीत की राह पर लौटने उतरेगा पंजाब किंग्स

मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। एचपीसीए स्टेडियम में 17 मई तक तीन मैच के साथ पंजाब की टीम अपने घरेलू चरण को समाप्त करेगी।
जीत की राह पर लौटने उतरेगा पंजाब किंग्स
Published on: 

धर्मशाला : पंजाब किंग्स की टीम सोमवार को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान में जब खराब फॉर्म से जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स की मेजबानी करेगी तो इंडियन प्रीमियर लीग के आखिरी चरण में अपने प्रदर्शन में आई चौंकाने वाली गिरावट को रोकने की कोशिश करेगी। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। एचपीसीए स्टेडियम में 17 मई तक तीन मैच के साथ पंजाब की टीम अपने घरेलू चरण को समाप्त करेगी। अपने पिछले तीन लीग मैच में मिली हार के बाद टीम खेल के सभी विभागों में सुधार की उम्मीद कर रही होगी। उस टीम के लिए हालांकि अभी घबराने की कोई जरूरत नहीं है जो कुछ समय पहले तक इस टूर्नामेंट में एकमात्र अजेय टीम थी लेकिन लीग चरण के बाकी मुकाबलों के लिए उसे अपनी बुनियादी चीजों को ठीक करने की जरूरत है।

हैदराबाद में टीम की कैचिंग बहुत खराब थी। इसके अलावा अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी रन लुटा रहा है। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी भी अच्छी शुरुआत के बाद अब नाकाम हो रही है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाले पंजाब किंग्स को प्ले ऑफ में जगह बनाने के लिए अब भी कम से कम दो जीत की जरूरत है और ऐसे में टीम चाहती है कि उनके खिलाड़ी उन्हीं तरीकों पर कायम रहें जिनसे उन्हें टूर्नामेंट के पहले हाफ में सफलता मिली थी। T-20 जैसे अनिश्चित प्रारूप में लय बहुत अहम होती है और पंजाब किंग्स की टीम चाहेगी कि वे जल्द से जल्द फिर लय हासिल कर लें। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स की नजरें पहले से ही अगले सत्र पर टिकी हैं क्योंकि वे अपने पिछले छह में से पांच मैच हारने के बाद अंक तालिका के निचले हिस्से में हैं।

घरेलू मैदान पर दिल्ली का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है इसलिए वे पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के लिए स्थल में बदलाव का स्वागत करेंगे। उसके बल्लेबाज धीमी और टर्न लेने वाली पिचों पर खुद को ढालने में नाकाम रहे हैं जिससे उनकी कमजोरियां उजागर हुई हैं। प्रमुख स्पिनर कुलदीप यादव के साधारण प्रदर्शन ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं जबकि मिचेल स्टार्क शायद बहुत देर से टीम से जुड़े। पंजाब किंग्स की तरह दिल्ली के क्षेत्ररक्षण ने भी उसे निराश किया है। आंकड़ों के लिहाज से दिल्ली की टीम अब भी प्ले ऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है लेकिन इसकी बहुत कम संभावना है कि वे टूर्नामेंट में आगे बढ़ पाएंगे।

पंजाब किंग्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, निहाल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्युसन, हरप्रीत बरार, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, प्रवीण दुबे, पायला अविनाश और विशाल निषाद।

दिल्ली कैपिटल्स : अभिषेक पोरेल, लोकेश राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, आकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जेमिसन, अजय जाधव मंडल, माधव तिवारी, साहिल पारख, करुण नायर, टी नटराजन।  

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in