स्मृति-शेफाली की दमदार फॉर्म के बावजूद हरमनप्रीत ब्रिगेड पर दबाव

बांग्लादेश के खिलाफ मध्यक्रम और क्षेत्ररक्षण की कमजोरी से पार पाने की कोशिश करेगा भारत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

मैनचेस्टर : मध्य क्रम के बल्लेबाजों की नाकामी और खराब क्षेत्ररक्षण के कारण महिला T-20 विश्व कप में भारत का अभियान खतरे में पड़ गया है और ऐसे में गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ यहां होने वाले मैच में वह इन कमजोरियों को दूर करने के लिए बेताब होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। भारत ने 12 टीमों के इस टूर्नामेंट में अपने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की फॉर्म की चिंता के साथ उतरा था लेकिन स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने काफी हद तक उन आशंकाओं को दूर कर दिया है। मंधाना ने तीन मैच में 159 रन बनाए हैं, जबकि शेफाली ने 92 रन का योगदान दिया है। दोनों बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 154 से अधिक है। लेकिन मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे हैं जो टीम के लिए नई चिंता बन गई है।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (स्ट्राइक रेट 109.09), जेमिमा रोड्रिग्स (94.11) और यस्तिका भाटिया (105.88) अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनके तेजी से रन बनाने में नाकाम होने के कारण ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ जाता है। हरमनप्रीत और जेमिमा दोनों ने तीन-तीन मैच खेले हैं और दोनों ने मिलकर सिर्फ 11 चौके लगाए हैं। उन्होंने अब तक एक भी छक्का नहीं लगाया है। वहीं यस्तिका ने दो पारियों में सिर्फ तीन चौके लगाए हैं। ऋचा (स्ट्राइक रेट 176.92) और दीप्ति (159.37) ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन कम गेंद रहने के कारण दोनों पर दबाव बढ़ जाता है। भारत के अब तीन मैच में चार अंक हैं और उसका नेट रन रेट 2.511 है। उसने पाकिस्तान को 64 रन से और नीदरलैंड को 95 रन से हराया था लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका से छह विकेट से हार गया था।

ऑस्ट्रेलिया ने लगातार चार जीत हासिल करके ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। उसके आठ अंक हैं और उसका नेट रन रेट 4.724 है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारत ऐसी स्थिति में नहीं रहना चाहेगा जहां दक्षिण अफ्रीका (चार अंक, नेट रन रेट माइनस 0.546) दूसरे स्थान के लिए उसे चुनौती दे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत स्पिन आक्रमण पर निर्भर रहने के बावजूद पिच का पूरा फायदा उठाने में असमर्थ रहा। भारत ने गेंदबाजी में अच्छी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद मारिजान काप की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने उसकी एक नहीं चली।

भारत का क्षेत्ररक्षण भी अभी तक अच्छा नहीं रहा है। टीम की सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक राधा यादव ने काप के दो आसान कैच छोड़े जो बहुत महंगे साबित हुए। टूर्नामेंट अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है और अब किसी भी तरह की गलती काफी महंगी साबित हो सकती है। बांग्लादेश से भिड़ने के बाद भारत का सामना शानदार फॉर्म में चल रहे ऑस्ट्रेलिया से होगा। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 23 रन और नीदरलैंड को छह विकेट से हराया है और वह भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करने की कोशिश करेगा। उसकी टीम ने अभी तक सामूहिक प्रयास से जीत हासिल की हैं और भारत को उससे सतर्क रहना होगा।  

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in