

नयी दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया की T-20 टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने ऋषभ पंत की नेतृत्वक्षमता की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि LSG का कप्तान सुझाव लेने के प्रति खुली सोच रखता है जिससे टीम के अंदर सकारात्मक माहौल पैदा होता है। LSG के पास मार्श और एडन मार्करम के रूप में दो अंतरराष्ट्रीय कप्तान हैं। मार्श ने साक्षात्कार में कहा, ‘बात बस इतनी सी है कि आप अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें, ऋषभ को हर संभव सहयोग दें। वह एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी है जो अपनी टीम का नेतृत्व बखूबी करता है। वह हमेशा फीडबैक और सुझाव लेने के लिए तैयार रहता है और उस पर अमल भी करता है।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी टीम में कुछ बहुत अच्छे नेतृत्वकर्ता हैं जो काफी महत्व रखते हैं।
मेरे लिए जहां जरूरत है वहां योगदान देना महत्वपूर्ण है।’ मार्श ने कहा कि अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना और टीम पर सकारात्मक प्रभाव डालना ही उनका मुुख्य लक्ष्य है। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करुंगा। पिछला साल मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से काफी अच्छा रहा था और तब मैंने निरंतरता बनाए रखी थी। लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस टीम पर सकारात्मक प्रभाव कैसे डाल सकता हूं और अधिक से अधिक मैच जीतने में कैसे योगदान दे सकता हूं।’ मार्श ने सकारात्मक माहौल बनाने में टीम के मालिक संजीव गोयनका और पंत की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ‘LSG के साथ मेरा सफर शानदार रहा है।
पिछले साल फ्रेंचाइजी ने मेरा बहुत अच्छे से ख्याल रखा। इस साल भी ऐसा ही लग रहा है। हमारी टीम में बहुत अपनापन है और उम्मीद है कि हम इस माहौल को बरकरार रख पाएंगे और लोगों को दिखा पाएंगे कि हमारे लिए LSG के लिए खेलना कितना मायने रखता है।’ मार्करम के साथ मैदान पर और मैदान के बाहर के संबधों के बारे में मार्श ने कहा कि समय के साथ दोनों अच्छे दोस्त बन गए हैं और पिछले सत्र में दोनों ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। IPL 2025 में मार्श ने 627 रन और मार्करम ने 445 रन बनाए। मार्श ने कहा, ‘पिछले साल मैंने एडन के साथ बहुत अच्छा समय बिताया।
हम अतीत में एक दूसरे के खिलाफ कई बार खेल चुके हैं लेकिन किसी को आप तभी अच्छी तरह से समझ पाते हैं जब आप एक टीम की तरफ से खेलते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जब आप एक साथ खेलते हैं, तो मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह आपका रिश्ता मजबूत होना चाहिए। पिछले साल हम अच्छे दोस्त बन गए।’ शीर्ष क्रम में अपनी रणनीति के बारे में मार्श ने कहा कि मुश्किल लक्ष्य तय करने के बजाय परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा, ‘कुछ मैचों में आपकी शुरुआत अच्छी होती है। मुझे लगता है कि पिछले साल हमने पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन आपको परिस्थितियों के अनुसार खेलना होता है। आप निश्चित रूप से जितना हो सके उतना प्रभाव डालने और बेहतरीन शुरुआत दिलाने की कोशिश करते हैं। लेकिन हमारा ध्यान किसी निश्चित संख्या पर नहीं है।’