कोहली का सूर्यवंशी को तोहफा

कोहली ने कहा, प्रिय वैभव, बेहतरीन प्रदर्शन
कोहली का सूर्यवंशी को तोहफा
Published on: 

गुवाहाटी : एक युवा क्रिकेटर के लिये सुपरस्टार विराट कोहली से मिली प्रशंसा किसी वरदान से कम नहीं है और IPL में एक और शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को यह मौका मिला। पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 26 गेंद में 78 रन बनाकर राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से जीत दिलाई। मैच के बाद कोहली ने वैभव की कैप पर हस्ताक्षर करके खास संदेश लिखा, ‘ प्रिय वैभव, शानदार प्रदर्शन।’ इस पारी से सूर्यवंशी आईपीएल के इस सत्र में अब तक सर्वाधिक रन के साथ आरेंज कैप भी पहन चुके हैं।

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट के ‘धुरंधर’ सूर्यवंशी के 26 गेंद में 78 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने IPL के मैच में शुक्रवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा। उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई। ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर ‘फिनिशर’ की भूमिका बखूबी निभाई।

रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी। टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने 78 रन की अपनी पारी में 74 रन 15 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों के साथ बनाये।

जुरेल और सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिये 6.1 ओवर में 108 रन जोड़े। जुरेल ने अभिनंदन को खासी नसीहत देते हुए उनके एक ओवर में 24 रन बनाये। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं। इससे पहले रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच आठ विकेट पर 201 रन बनाये। पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों की मदद से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला।

चैंपियन बल्लेबाज विराट कोहली ( 16 गेंद में 32 रन ) समेत गत चैंपियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए। आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने। मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in