

नयी दिल्ली : स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान लगी दाहिने पैर की मांसपेशियों की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं और दोबारा जांच और आगे की योजना के लिए 22 जून को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (COE) में रिपोर्ट करेंगे। पता चला है कि COE की खेल विज्ञान टीम के एक सदस्य ने कोहली को रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम देने से पहले उनकी फिटनेस का जायजा लेने के लिए ब्रिटेन का दौरा किया था। कोहली अपने परिवार के साथ लंदन रहते हैं। उन्हें अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL फाइनल के दौरान मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी।
COE की खेल विज्ञान टीम की ओर से चयन समिति और टीम प्रबंधन को भेजे गए फिटनेस अपडेट में कहा गया, ‘IPL में दाहिने पैर की मांसपेशियों में चोट के बाद विराट कोहली अच्छी तरह उबर रहे हैं। लंदन में COE की टीम ने उनकी जांच की और उन्हें रिहैब के शुरुआती चरण के लिए कार्यक्रम दिया। वह दोबारा जांच, आगे की योजना और मंजूरी के लिए 22 जून को सीओई में रिपोर्ट करेंगे।’ मामले की जानकारी रखने वाले BCCI के एक सूत्र ने बताया, ‘विराट को सोमवार को बेंगलुरू में फिटनेस जांच के बाद फिटनेस मंजूरी मिलेगी। उससे पहले, वह रविवार को दिल्ली में एक प्रमोशनल कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।’
इस बीच ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से पहले लगी (क्वाड्रिसेप्स की) चोट से उबर नहीं पाए हैं। वह अपने पूरे कोटे के ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं और उन्हें इंग्लैंड वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। पांड्या को पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा। एक सूत्र ने कहा, ‘ ‘हार्दिक पांड्या वनडे प्रारूप के लिए जरूरी गेंदबाजी और ‘कंडिशनिंग’ हासिल नहीं कर पाए हैं और उन्हें वनडे के लिए पूरी तरह फिट होने में और समय लगेगा।’ चयन की दौड़ में शामिल बाकी सभी खिलाड़ी फिट हैं। कोहली की उपलब्धता पर अंतिम अपडेट मिलने के बाद वनडे टीम की घोषणा की जाएगी।