नयी दिल्ली : बेंगलुरू के बजाय अहमदाबाद लगातार दूसरे सत्र में 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि क्वालीफायर एक धर्मशाला और दो अन्य प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को यह घोषणा की। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल बेंगलुरू में खेला जाना था। पिछले साल के अलावा अहमदाबाद ने इससे पहले 2022 और 2023 में IPL फाइनल की मेजबानी की थी।
BCCI ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘IPL फाइनल की मेजबानी के लिए मूल रूप से बेंगलुरू को चुना गया था। लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगों के कारण जो BCCI के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, आयोजन स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया है।’ हालांकि बोर्ड ने कर्नाटक की राजधानी में फाइनल आयोजित करने के लिए की जा रही मांगों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। बोर्ड ने यह भी कहा कि ‘संचालन और लॉजिस्टिकल से जुड़े मसलों के कारण इस वर्ष प्लेऑफ चरण के मैच तीन स्थानों पर खेले जाएंगे।’
BCCI ने कहा, ‘क्वालीफायर एक 26 मई को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें भाग लेंगी। इस मैच के विजेता को फाइनल में सीधा प्रवेश मिलेगा।।’ इसमें कहा गया है, ‘इसके बाद मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जहां तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में 29 मई को क्वालीफायर दो भी खेला जाएगा।’ धर्मशाला में पहली बार IPL प्लेऑफ का कोई मैच खेला जाएगा।
एलिमिनेटर में जीत दर्ज करने वाली टीम क्वालीफायर दो में क्वालीफायर एक में हारने वाली टीम का सामना करेगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी। BCCI ने कहा, ‘IPL के मौजूदा सत्र का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रैंड फाइनल के साथ होगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।’ BCCI के सूत्रों ने बताया कि अहमदाबाद स्टेडियम को उसकी अधिक दर्शकों की क्षमता के कारण प्राथमिकता दी गई क्योंकि फाइनल के लिए अधिक संख्या में दर्शकों के आने की संभावना है।
यह भी पता चला है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की अपेक्षाकृत कम क्षमता को देखते हुए बोर्ड कर्नाटक सरकार के उस फैसले से सहमत नहीं है जिसमें राज्य के विधायकों, MLC और सांसदों के लिए इस सत्र में IPL के तीन-तीन मुफ्त टिकटों का कोटा निर्धारित किया गया है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की क्षमता लगभग 35,000 दर्शकों की है। पिछले साल RCB के विजय समारोह के दौरान हुई भगदड़ में यहां 11 लोगों की जान चली गई थी।
प्लेऑफ का कार्यक्रम इस प्रकार है-
क्वालीफायर एक : 26 मई, HPCA स्टेडियम, धर्मशाला
एलिमिनेटर : 27 मई, न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
क्वालीफायर दो : 29 मई, न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
फाइनल : 31 मई, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद