IPL 2024 Auction: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी को ऑक्शन में 9 करोड़ का नुकसान

IPL 2024 Auction: इंग्लैंड के इस खिलाड़ी को ऑक्शन में 9 करोड़ का नुकसान
Published on

दुबई: IPL 2024 से पहले मिनी-ऑक्शन का आयोजन भारत से दूर दुबई में हो रहा है। ऑक्शन में हर साल कई खिलाड़ियों पर पैसों की बौछार होती है। इस बार ऑस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ी पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क पर कुल मिलाकर 40 करोड़ से ज्यादा खर्च किया गया। लेकिन इस बार ऑक्शन में 24 साल के एक खिलाड़ी को बड़ा नुकसान हुआ है। इस खिलाड़ी को 9.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

ऑक्शन में इस खिलाड़ी को 9 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक आईपीएल के आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। वह इस बार ऑक्शन में 2 करोड़ के बेस प्राइस के साथ आए थे। हैरी ब्रूक पर दिल्ली कैपिटल्स के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स ने भी बोली लगाई थी। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स 4 करोड़ रुपये में हैरी ब्रूक को खरीदने में कामयाब रही। हैरी ब्रूक को भले ही 4 करोड़ रुपये मिले हैं लेकिन उन्हें 9.25 करोड़ रुपये का नुकसान भी हुआ है। पिछले साल IPL ऑक्शन में हैरी ब्रूक पर पैसों की बारिश हुई थी। नीलामी में 24 साल के बल्लेबाज हैरी ब्रूक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह अपने 1.5 करोड़ के बेस प्राइस से कई गुना महंगे बिके थे। लेकिन इस बार वह अपना दाम बढ़वाने में नाकाम रहे।

IPL 2023 के सीजन में रहे फ्लॉप

हैरी ब्रूक ने आईपीएल 2023 के दौरान 11 मैच खेले थे। इन 11 मैचों में हैरी ब्रूक ने 21.11 की औसत से सिर्फ 190 रन ही बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक भी जड़ा था, लेकिन बाकी मैचों में वह अच्छा नहीं खेल पाए थे। जिसके चलते उन्हें प्लेइंग 11 से भी बाहर किया गया था। हालांकि हाल ही में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in