IND vs AUS, 1st Test, Day 4 : भारत ने कंगारुओं को 295 रन से हराया

IND vs AUS, 1st Test, Day 4 : भारत ने कंगारुओं को 295 रन से हराया
Published on: 

पर्थ : कप्तान जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की तूफानी गेंदबाजी से भारत ने सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन 295 रन से हराकर इस देश में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने के साथ पांच मैच की श्रृंखला में।0 की बढ़त बना ली। इस जीत के साथ भारत एक बार फिर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप तालिका के शीर्ष पर पहुंच गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज 0-3 की करारी हार के बाद भारत अंक तालिका में दूसरे स्थान पर खिसक गया था। भारत के अब 15 मैच में नौ जीत, पांच हार और एक ड्रॉ से 110 अंक हो गए हैं जो 61.11 प्रतिशत अंक होते हैं। ऑस्ट्रेलिया 57.69 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। उसके 13 मैच में आठ जीत, चार हार और एक ड्रॉ से 90 अंक हैं। भारत के 534 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाले कार्यवाहक कप्तान बुमराह (42 रन पर तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज (51 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 58.4 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गया। बुमराह और सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष और मध्य क्रम को ध्वस्त किया जिसके बाद वाशिंगटन सुंदर (48 रन पर दो विकेट), नितीश कुमार रेड्डी (21 रन पर दो विकेट) और हर्षित राणा (69 रन पर एक विकेट) ने निचले क्रम को समेटा।

राणा और रेड्डी इस मैच में पदार्पण कर रहे थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड ने सर्वाधिक 89 रन बनाए। उन्होंने स्टीव स्मिथ (17) के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 और मिचेल मार्श (47) के साथ छठे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की लेकिन ऑस्ट्रेलिया को हार से नहीं बचा पाए। यह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जबकि एशिया के बाहर दूसरी सबसे बड़ी जीत है। भारत ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को दिसंबर 1977 में मेलबर्न में 222 रन से हराया था। एशिया के बाहर भारत ने सबसे बड़ी जीत अगस्त 2019 में नॉर्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ 318 रन से दर्ज की थी। सिराज ने सुबह के सत्र में शानदार गेंदबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (04) और खराब फॉर्म से जूझ रहे स्मिथ (17) को पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 12 रन से की और जल्द ही ख्वाजा (04) का विकेट गंवा दिया जो सिराज की गेंद को पुल करने की कोशिश मे हवा में लहरा गए और आईपीएल की नीलामी में रविवार को सबसे महंगे 27 करोड़ रुपये में बिके विकेटकीपर ऋषभ पंत ने आसान कैच लपका। पिछले कुछ समय से भारत को लगातार परेशान करते आ रहे हेड और स्मिथ ने पांचवें विकेट के लिए 62 रन जोड़कर विकेटों के पतन पर कुछ देर विराम लगाया।

न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खराब प्रदर्शन करने वाले सिराज ने हालांकि असमान उछाल वाली पिच पर बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। स्मिथ ने सिराज की अच्छी लेंथ से मूव होती गेंद पर विकेटकीपर पंत को कैच थमाया। स्मिथ और मार्नस लाबुशेन मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं जो मेजबान टीम ने चिंता का विषय है। हेड ने हालांकि टूटती हुई पिच पर शानदार बल्लेबाजी की और कमजोर गेंद पर रन बनाने का कोई मौका नहीं गंवाया। हेड ने सिराज की गेंद को विकेकीपर के सिर के ऊपर से चार रन के लिए भेजकर सिर्फ 63 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया। बुमराह ने हेड को दूसरे सत्र में पंत के हाथों कैच कराके भारत को जीत के करीब पहुंचाया। मार्श भी इसके बाद रेड्डी की गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हो गए। सुंदर ने चाय से ठीक पहले मिचेल स्टार्क (12) को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराके मेहमान टीम को जीत से दो विकेट दूर पहुंचाया और फिर चाय के ब्रेक के बाद इसी ओवर में नाथन लियोन (00) को बोल्ड किया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में ऑस्ट्रेलिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज एलेक्स कैरी (36) भारत के जीत के इंतजार को बढ़ा रहे थे लेकिन राणा ने उन्हें बोल्ड करके मेहमान टीम की जीत सुनिश्चित की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in