सभी ने मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन किया : अय्यर

अफगानिस्तान पर धमाकेदार जीत में गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और अभिषेक शर्मा की तूफानी अर्द्धशतक पारी, कप्तान अय्यर ने टीम के सामूहिक प्रयास को बताया जीत की असली कुंजी
सभी ने मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन किया : अय्यर
Published on

नयी दिल्ली : भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को यहां पहले T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अफगानिस्तान पर मिली जीत के बाद कहा कि सभी खिलाड़ियों ने मिलकर बेहतरीन योगदान दिया। भारत ने अर्शदीप सिंह की सटीक गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा (82 रन) की धमाकेदार अर्द्धशतक पारी से अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अभिषेक ने 32 गेंद की आक्रामक पारी के दौरान सात छक्के और इतने ही चौके जमाए। उन्होंने ईशान किशन (42 रन, पांच चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 गेंद में 121 रन की शतकीय साझेदारी निभाई जिससे भारत ने 157 रन का लक्ष्य महज 13.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

अय्यर ने कहा, ‘सभी ने जीत में योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह हमारे लिए बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। उन्होंने टीम के लिए लय बनाई। अर्शदीप ने भी ऐसा ही किया। वरुण चक्रवर्ती ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर उस लय को आगे बढ़ाया।’ शिवम दुबे को पारी का अंतिम ओवर देने पर उन्होंने कहा, ‘आखिरी ओवर के लिए कोई और विकल्प नहीं था। दुबे भी अपना पहला ओवर ही डाल रहे थे इसलिए उनके लिए भी आसान नहीं था। हालांकि इस खेल में यह होता रहता है और मुझे विश्वास है कि इस मुकाबले के बाद काम करेंगे कि वह कहां बेहतर कर सकते थे।’ अभिषेक और ईशान के बारे में उन्होंने कहा, ‘अभिषेक ने जो शॉट खेले, वे शानदार और लगभग त्रुटिहीन थे। यह एक बेहतरीन उदाहरण था।

किशन भी शानदार फॉर्म में हैं। वह काफी सहज और शांत हैं और उन्हें अपने खेल की अच्छी समझ है।’ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे अभिषेक ने कहा, ‘पहले ओवर में वो भी स्लिप में कैच लेने से आत्मविश्वास मिलता है। हम नेट्स में भी बुमराह का सामना करते हैं। बतौर सलामी बल्लेबाज आप हमेशा ही टीम को ऐसी शुरुआत दिलाना चाहते हैं।’ अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जदरान ने कहा, ‘हमने उन्हें लगातार विकेट दिए और उन्होंने हमारे ऊपर दबाव बना दिया। हमने मध्य के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन उनके गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मेरे रन आउट होने से लय टूट गई। किशन बहुत अच्छे क्षेत्ररक्षक हैं और उन्होंने बहुत अच्छा थ्रो किया। आज का दिन गुरबाज का नहीं था।’  

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in