शमी को सम्मानित करेगा CAB

100 प्रथम श्रेणी मैच पूरे करने पर मोहम्मद शमी को CAB करेगा सम्मानित, दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले चेन्नई में होगा विशेष समारोह
फाइल फोटो
फाइल फोटोManvender Vashist Lav
Published on: 

चेन्नई : भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) शनिवार को यहां 100 प्रथम श्रेणी मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करने पर सम्मानित करेगा। यह सम्मान समारोह एमए चिदंबरम स्टेडियम में पूर्वी क्षेत्र और दक्षिणी क्षेत्र के बीच होने वाले दलीप ट्रॉफी फाइनल से एक दिन पहले आयोजित किया जाएगा।

पूर्वी क्षेत्र के मुख्य खिलाड़ी शमी ने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मध्य क्षेत्र के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। शमी ने अब तक 99 प्रथम श्रेणी मैच में 382 विकेट लिए हैं। किसी एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर आठ विकेट लेना है। सम्मान समारोह के अवसर पर शमी को CAB अध्यक्ष सौरव गांगुली के ऑटोग्राफ वाली क्रिकेट गेंद, 100 नंबर वाली विशेष जर्सी और एक चांदी की थाली भेंट की जाएगी।

शमी को CAB के कोषाध्यक्ष संजय दास सम्मानित करेंगे। दास ने कहा, ‘शमी बंगाल क्रिकेट का गौरव और महान खिलाड़ी हैं। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पूरी होने पर राज्य संघ की ओर से उनके लिए यह एक छोटा सा सम्मान है।’ शमी फिलहाल भारतीय राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं और उन्होंने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। यह अनुभवी तेज गेंदबाज हालांकि घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और राष्ट्रीय टीम में वापसी की कवायद में लगा हुआ है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in