क्लीनस्वीप से बचा ऑस्ट्रेलिया

स्थानीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे बारिश शुरू हुई। उस समय दक्षिण अफ्रीका डीएलएस पद्धति के तहत लक्ष्य से काफी पीछे था और अंपायरों ने लगभग एक घंटे बाद मैच समाप्त करने का फैसला किया।
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

पोटचेफ्स्ट्रूम : ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से प्रभावित तीसरे और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 45 रन से हराकर तीन मैच की सीरीज में क्लीनस्वीप होने से बचा लिया। मेजबान टीम बारिश के कारण खेल रोके जाने तक 28 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बना चुकी थी। स्थानीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे बारिश शुरू हुई। उस समय दक्षिण अफ्रीका डीएलएस पद्धति के तहत लक्ष्य से काफी पीछे था और अंपायरों ने लगभग एक घंटे बाद मैच समाप्त करने का फैसला किया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिशेल मार्श (56) के लगातार तीसरे अर्द्धशतक और एलेक्स कैरी की 88 गेंद में 74 रन की पारी की बदौलत नौ विकेट पर 322 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन जारी रखा जबकि लेग स्पिनर एडम जम्पा ने भी सही लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए। दोनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका ने पांच बदलाव किए थे और जोहानिसबर्ग में शतक लगाने वाले कप्तान तेम्बा बावुमा तथा डेविड मिलर को आराम दिया गया था। पिछली दो पारियों में 14 और 15 रन बनाने वाले क्विंटन डिकॉक बार्टलेट के पहले ही ओवर में पांच गेंद खेलकर खाता खोले बिना आउट हो गए। कार्यवाहक कप्तान एडेन मारक्रम भी 15 रन पर पगबाधा आउट हुए जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 30 रन हो गया।

रेयान रिकेलटन (नाबाद 71) और मैथ्यू ब्रीट्ज्के (25) ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। जम्पा ने अपनी तेज लेग स्पिन और गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया। रिकेलटन ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की गेंद पर दिए गए पगबाधा के फैसले को डीआरएस की मदद से सफलतापूर्वक बदलवाया लेकिन जम्पा लगातार दबाव बनाए रहे। जम्पा ने 18वें ओवर में ब्रीट्ज्के को आउट किया। उन्हें कैरी ने स्टंप किया। ट्रिस्टन स्टब्स 14 रन बनाकर जम्पा की गुगली पर पगबाधा करार दिए गए। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज लगातार दबाव बनाए हुए थे और बारिश आने से पहले रिकेलटन तथा कॉर्बिन बॉश छह ओवर में केवल 20 रन ही जोड़ सके।

इससे पहले पावरप्ले में मार्श के बेहद आक्रामक रवैये ने उन्हें 56 रन तक पहुंचाया और ऑस्ट्रेलिया को एक बार फिर तेज शुरुआत मिली। उनके सलामी जोड़ीदार ट्रेविस हेड ने भी 24 रन की उपयोगी पारी खेली। कैरी और ओलिवर पीक (48) ने इसके बाद चौथे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला। अंतिम ओवरों में बॉश ने कैरी और कैमरन ग्रीन के विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीका को वापसी दिलाने की कोशिश की। ऑलराउंडर बॉश ने 60 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि गेराल्ड कोएट्जी और लिजाड विलियम्स ने दो-दो विकेट लिए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in